विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 12, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

PM Surya Ghar Yojana के जरिये बिजली बिल करें हाफ, जानिए आवेदन का तरीका और शुल्क?

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Tiwari
Published: Wed, 12 Feb 2025 09:42 AM (IST)

PM Surya Ghar Yojana से सोलर पैनल लगवाकर बिजली बिल आधा कर सकते हैं। नोएडा में 80000 घरों में सोलर ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त योजना बड़ी छूट मिल रही है। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त योजना बड़ी छूट मिल रही है। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. योजना में सिर्फ 25 फीसदी जमा करनी है धनराशि, 75 फीसदी केंद्र व राज्य सरकार देगी अनुदान
  2. गौतमबुद्ध नगर जिले में यूपी नेडा को 80 हजार घरों में सोलर पैनल इंस्टाल कराने का मिला है लक्ष्य

गजेंद्र पांडेय, ग्रेटर नोएडा। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त योजना से सोलर पैनल इंस्टाल कराने वालों के घरों का बिजली बिल हाफ आएगा। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करने वालों को सिर्फ 25 फीसदी धनराशि जमा करनी होगी। जबकि 15 फीसदी धनराशि राज्य सरकार और 30 प्रतिशत केंद्र सरकार से अनुदान मिलेगा। यूपी नेडा को जिले में 80 हजार घरों में सोलर पैनल इंस्टाल कराने का लक्ष्य मिला है।

फिलहाल योजना को लाभ लेने के लिए करीब 24 हजार लोग पंजीकरण करा चुके हैं। यूपी नेडा (उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण) की तरफ से गौतमबुद्ध नगर जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 80 हजार घरों में सोलर पैनल इंस्टाल करने का लक्ष्य मिला था।

अब तक नोएडा में कितने सोलर पैनल हुए इंस्टाल?

नेडा के सीनियर प्रोजेक्ट अधिकारी श्रीराम के मुताबिक, विभाग की तरफ से लक्ष्य को पूरा कराने का प्रयास किया रहा है। पिछले एक वर्ष में जिले में योजना का लाभ लेने के लिए 24,216 लोगों ने पंजीकरण कराया है।

6,121 आवेदन लोगों के मिले हैं, जिनके घरों में सोलर पैनल इंस्टाल कराए जाने हैं। अभी तक जिले में 854 लोगों के यहां सोलर पैनल इंस्टाल करा दिए गए हैं। बताया कि योजना के तहत आवेदक ने जितने किलोवाट का बिजली कनेक्शन ले रखा है। उतने किलोवाट के बिजली उत्पादन के लिए सोलर पैनल इंस्टाल किया जाता है।

बैटरी का नहीं झंझट दिन भर मिलेगी बिजली

प्रोजेक्ट अधिकारी श्रीराम के मुताबिक, योजना के तहत विभाग सिर्फ सोलर पैनल इंस्टाल कराता है। बैटरी की आवश्यकता नहीं होती है। पैनल इंस्टाल होने के बाद दिनभर बिजली मिलेगी। इससे बिजली कनेक्शन से सिर्फ रात में ही बिजली का उपयोग करना होगा।

सिर्फ 25 फीसदी जमा करनी है धनराशि, 75 फीसदी मिलेगा अनुदान

श्रीराम के मुताबिक, एक किलोवाट बिजली उत्पादन के लिए सोलर पैनल इंस्टाल करने में 60 हजार रुपये की लागत आती है, लेकिन इसमें आवेदक को सिर्फ 25 फीसदी धनराशि यानी सिर्फ 15 हजार रुपये जमा करने होंगे। जबकि शेष 75 फीसदी धनराशि में 30 हजार रुपये केंद्र सरकार और 15 हजार रुपये का अनुदान केंद्र सरकार से मिलेगा।

कैसे करें आवेदन?

इस योजना के लिए आप अधिकारिक वेबसाइट https://pmsuryaghar.gov.in पर जाकर अपनी डिटेल भरकर ऑनलाइन रजिट्रेशन कर सकते हैं।

जितने किलोवाट का बिजली कनेक्शन, उतने का लगेगा सोलर पैनल

विभागीय अधिकारी ने बताया कि आवेदक ने बिजली विभाग से जितने किलोवाट का बिजली कनेक्शन ले रखा है। उतने किलोवाट का ही सोलर पैनल इंस्टाल किया जाएगा। ताकि आप बिजली से जो भी उपकरण संचालित कर रहे हैं। वह सभी बिना किसी समस्या के सोलर पैनल से भी संचालित हो सकें। बताया कि दिनभर सोलर पैनल से घर के उपकरण संचालित होंगे।

तीन माह के अंदर सोलर पैनल इंस्टाल, पांच माह की वारंटी

नेडा के अधिकारी के मुताबिक, योजना के अंतर्गत आवेदन करने पर विभाग की तरफ से प्रक्रिया पूरी कर तीन माह के अंदर घर पर सोलर पैनल इंस्टाल कर दिया जाता है। इसके साथ ही सोलर पैनल की पांच माह की वारंटी होती है। सोलर पैनल में किसी भी तरह की समस्या आने पर विभाग से संपर्क करें। विभाग द्वारा बिना किसी शुल्क के समस्या का समाधान कराया जाएगा।