ग्रेटर नोएडा में करीब दो मीटर तक घटा यमुना का पानी, 198.70 मीटर दर्ज हुआ जलस्तर
यमुना नदी का जलस्तर घटने से सेक्टर 150-151 के फार्म हाउसों को नुकसान हुआ है। प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सेक्टर 135 में शरणालय का दौरा किया बच्चों से बातचीत की और उन्हें फल वितरित किए। सेक्टर 150 में उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उन्हें सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना नदी का जलस्तर तेजी से घट रहा है। मंगलवार शाम सात बजे जारी बुलेटिन के मुताबिक यमुना का जलस्तर 198.70 मीटर तक पहुंच गया, जबकि खतरे का निशान 200.600 मीटर है। इस तरह से मंगलवार को यमुना के जलस्तर में करीब दो मीटर की गिरावट दर्ज की गई है। ट
डूब क्षेत्र यानी बांध के पास से पानी यमुना के मुख्य बहाव तक उतर गया है, लेकिन सेक्टर-150 और 151 के अवैध फार्म हाउसों को भारी नुकसान हुआ है। कई फार्म हाउसों की चारदीवारी ढह गई, तो कहीं पेड़ उखड़कर बह गए।
सैकड़ों बीघे धान व सब्जी फसल नष्ट हो गई। जलस्तर कम होने से अब लोग पैदल ही फार्म हाउस तक पहुंचने लगे हैं, हालांकि सुरक्षा के दृष्टि से जिला प्रशासन ने लोगों को फार्म हाउसों में प्रवेश न करने की चेतावनी दी है।
अधिकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम क्षेत्र का दौरा करेगी, जिसके बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। चार सितंबर को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया था, लेकिन अब मुख्यधारा तक लौट आया है। सेक्टर-150 और 151 में कई लोग अपने फार्म हाउसों में लौट गए। बाढ़ के पानी ने फार्म हाउस को काफी नुकसान पहुंचाया है।
प्रभारी मंत्री ने देखी शरणालय की पाठशाला
मंगलवार को जिले के प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। वह सेक्टर-135 के पास बने शरणालय में बच्चों के लिए अस्थायी पाठशाला में भी गए। बच्चों से बातचीत और पढ़ाई के बारे में पूछा।
यहां दो महिला लेखपाल ममता व रेनू शर्मा बच्चों को पढ़ा रही हैं और शारीरिक अभ्यास करवा रही हैं। मंगलवार को चित्रकला प्रतियोगिता और फल वितरण का आयोजन हुआ। इस मौके पर डीएम मेधा रूपम, एडीएम वित्त व राजस्व अतुल कुमार, एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता आदि मौजूद रहे।
सेक्टर-150 भी पहुंचे प्रभारी मंत्री
बाढ़ प्रभावित सेक्टर-150 में बांध पर शरणार्थी बने बाढ़ पीड़ितों से मिलने प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह पहुंचे। यहां उनके साथ दादरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक तेजपाल सिंह नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा समेत अन्य जिलास्तरीय भाजपा नेता व जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं व जरूरत के सामानाें की पूर्ति करने के लिए कहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।