Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'जनता करे ब्लॉक प्रमुख का चयन, सरकार तैयार कर रही योजना'; दादरी में बोले केशव प्रसाद मौर्य

    दादरी के आकलपुर गांव में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विकसित भारत संकल्प यात्रा में बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड बांटे। उन्होंने अधिकारियों को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। मौर्य ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए ब्लॉक प्रमुख का चयन जनता द्वारा कराने की योजना बना रही है। उन्होंने सपा सरकार पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया।

    By Arpit Tripathi Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Thu, 19 Jun 2025 10:32 AM (IST)
    Hero Image
    आकलपुर में बुजुर्ग महिला को आयुष्मान कार्ड देते उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य। सौ. कार्यकर्ता

    संवाद सहयोगी, दादरी। दादरी के आकलपुर गांव में बुधवार को भाजपा की ओर से आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा सभा में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज के लिए पांच लाख रुपये का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अधिकारियों को अभियान चलाकर कार्ड बनाने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के चचेरे भाई को आयुष्मान कार्ड सौंपा।

    उन्होंने कहा कि नगर पालिका, नगर पंचायत, नगर निगम, सांसद, विधायक का चुनाव सीधे जनता करती है। भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए ब्लॉक प्रमुख का चयन जनता के द्वारा कराए जाने की सरकार योजना बना रही है। सपा सरकार में गुंडागर्दी चरम पर थी। आज गुंडागर्दी खत्म है।

    योगी के नेतृत्व मजबूत हुआ प्रदेश- सतेंद्र सिसोदिया

    क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और योगी के नेतृत्व प्रदेश मजबूत हुआ है। गौतमबुद्ध नगर के सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में विकास कार्य होने से देश आगे बढ़ा है।

    गौतमबुद्ध नगर संसदीय क्षेत्र के जेवर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और खुर्जा में पावर प्लांट बन रहा है। पावर प्लांट बनने से क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति हो सकेगी, जिससे क्षेत्र का और विकास होगा। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि मोदी सरकार ने देश के विकास के लिए और देश की जनता के हित के लिए सैकड़ों जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभ देने का काम किया है।

    विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी ने कहा कि अंतिम छोर के व्यक्ति तक केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। हर कार्य पारदर्शिता के साथ हो रहा है। बिचौलियों पर रोक लगी है। पात्र लोग बिना किसी असुविधा के लाभ ले रहे हैं। यह मोदी और योगी सरकार के प्रयासों का ही नतीजा है।

    एमएलसी श्रीचंद शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने भी सभा को संबोधित किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मान सिंह गोस्वामी, जिला उपाध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य देवा भाटी, जिला महामंत्री सतेंद्र नागर, बलराज भाटी, बादलपुर मंडल अध्यक्ष महेंद्र नागर, धर्मेंद्र कोरी, राकेश राणा, दादरी नगरपालिका चेयरपर्सन गीता पंडित, मनोज शिशोदिया, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, दीपक नागर आदि उपस्थित रहे।