पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को किया नजरबंद, ग्रेटर नोएडा से दिल्ली तक निकाल रहे थे साइकिल यात्रा
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के विरोध में ग्रेटर नोएडा से दिल्ली तक साइकिल यात्रा निकालने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। कई कार्यकर्ताओं को उनके घरों और पार्टी कार्यालय में नजरबंद कर दिया गया। सपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को महामाया फ्लाईओवर पर रोका और उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया।
जागरण संवाददाता, नोएडा। समाजवादी पार्टी की वोट चोरी के विरोध में लोकतंत्र बचाओ साइकिल यात्रा को पुलिस ने बीच में रोक दिया। सपा कार्यकर्ताओं को उनके घर और पार्टी कार्यालय में नजरबंद किया।
साइकिल यात्रा कर दिल्ली की ओर जा रहे कुछ कार्यकर्ताओें को महामाया फ्लाइओवर पर रोका। कार्यकर्ताओं के साथ नोकझोंक हुई। पुलिस ने सभी को बस से पुलिस लाइन भेज दिया। सेक्टर-53 स्थित सपा कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष समेत कार्यकर्ताओं को यात्रा से पहले ही पुलिस ने नजरबंद किया।
सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारों पर काम कर रहा है। वोट चाेरी को लेकर सपा की सोमवार को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर गामा-1 स्थित पार्क से साइकिल यात्रा दिल्ली स्थित कार्यालय तक होनी थी। सुबह साढ़े 10 बजे से यह यात्रा शुरू होनी थी।
पुलिस ने सेक्टर-53 स्थित सपा कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता समेत करीब 40 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने यात्रा रोकने के लिए नजरबंद किया। जेवर विधानसभा के युवा नेता डा. विकास प्रधान के नेतृत्व मे भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ ग्रेटर नोएडा से शुरू की लोकतंत्र बचाओ यात्रा महामाया फ्लाइओवर पर पुलिस ने रोक दी।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी को भी पुलिस ने घर में नजरबंद किया। यात्रा में नासिर प्रधान, लोके भाटी, विपिन कसाना, प्रदीप भाटी, मोहित नागर, अनिल कसाना, भारत नागर, उमेश राणा, गोलू तंवर, नितिन अवाना, निक्की भाटी, नरेंद्र भाटी, हरेन्द्र नागर समेत अन्य शामिल हुए।
पार्टी कार्यालय पर विधानसभा अध्यक्ष ठा. बबलू चौहान, महासचिव विकाश यादव, राष्ट्रीय सचिव लोहिया वाहिनी रामबीर यादव, बिल्लू खान, लोकेश यादव, बबली शर्मा, सतवीर यादव, राम सिहिली, शेखर यादव, मोहित गौतम, राजू टाक समेत अन्य को नजरबंद किया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।