Noida News: वेतन नहीं मिलने पर नाराज कर्मचारियों ने पानी की आपूर्ति रोकी, सोसायटी के लोग हुए परेशान
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मंत्रा-1 सोसायटी में वेतन न मिलने से नाराज़ कर्मचारियों ने पानी की सप्लाई रोक दी। निवासियों की शिकायत पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और तीन घंटे बाद आपूर्ति बहाल हुई। निवासियों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रबंधन से संपर्क करने पर कोई जवाब नहीं मिला।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित महागुन मंत्रा-1 सोसायटी में वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने सोसायटी में पानी की आपूर्ति रोक दी। सोसायटीवासियों को परेशानी हुई। निवासियों ने पुलिस से शिकायत की। मौके पर पुलिस पहुंची। करीब तीन घंटे बाद सोसायटी में पानी आपूर्ति बहाल हुई।
बता दें महागुन मंत्रा-1 सोसायटी में 546 फ्लैट हैं। मंगलवार की सुबह सोसायटी में अचानक से पानी बंद हो गया। काफी देर तक लोगों को समझ नहीं आया। पूछने पर जानकारी मिली कि कर्मचारियों ने वेतन नहीं मिलने की वजह से सोसायटी में पानी की आपूर्ति बंद कर दी।
दो घंटे तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर आकर पानी की स्थिति को बहाल कराया। मंगलवार को करीब तीन घंटे सोसायटी में पानी की आपूर्ति प्रभावित रही।
निवासियों ने बताया कि 3.56 रुपये प्रति वर्ग मीटर का शुल्क देकर भी कर्मचारियों का वेतन समय पर नहीं दिया जा रहा है। इसकी दिक्कत निवासियों को झेलनी पड़ रही है।
निवासियों ने पानी की आपूर्ति बंद करने को लेकर कर्मचारियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग और जल्द ही एसोसिएशन बनाकर मेंटेनेंस हेंडओवर लेने की चेतावनी दी है। मामले में महागुन की कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजर अनू चौधरी का पक्ष जानने के लिए उनको फोन किया गया लेकिन कोई जवाब नहीं मिल सका।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।