जेवर में मिलावटी पनीर पर मचा घमासान, पुलिस से भिड़े पूर्व प्रधान और पनीर मालिक को किया गिरफ्तार
जेवर में मिलावटी पनीर जब्त होने पर विवाद हो गया। पनीर मालिक और समर्थकों ने पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव किया। पूर्व मंत्री संजीव बालियान ने भी समर्थन में धरना दिया और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

संवाद सहयोगी, जेवर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा यमुना एक्सप्रेस वे के जेवर इंटरचेंज पर शुक्रवार रात को अपमिश्रित पनीर को जब्त कर नष्ट कराने के लिए ले जाते वक्त पनीर मालिक व उनके साथी पूर्व प्रधान द्वारा गाड़ी को रोकर पुलिस से अभद्रता करने पर तीन लोगों को शांति भंग के आरोप में हिरासत में लिया था।
शनिवार सुबह पनीर मालिक व पूर्व प्रधान के समर्थन में सैकड़ों लोगों ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में धरना दिया। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पनीर को सही बताते हुए नष्ट कराए गए पनीर का भुगतान खाद्य निरीक्षक से कराने की मांग की।
दोपहर को मुजफ्फर नगर के पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंच गए। उच्चाधिकारियों से वार्ता कर दोषी पुलिसकर्मियों व खाद्य निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उच्चाधिकारियों ने मामले की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
शुक्रवार देर शाम खाद्य निरीक्षक रवेंद्र वर्मा ने जेवर से नोएडा की ओर जाने वाले टोल प्लाजा पर पनीर से भरी हुई एक वाहन को रोककर पनीर की जांच की। उन्होंने पनीर में मिलावट पाए जाने पर पुलिस को सूचना दी।पनीर को नष्ट कराने की मांग की।
दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
पुलिस के सहयोग से पनीर को नष्ट करने को वाहन ले जाने लगे। उसी दौरान सूचना पर पहुंचे पनीर डेरी के मालिक बुलंदशहर के गांव कलाखुरी के लोकेंद्र सिंह व उनके साथी भवोकरा गांव के पूर्व प्रधान प्रेमवीर सिंह ने वाहन की चाबी निकाल कर पनीर को ठीक बताते हुए कार्रवाई का विरोध किया।
इसी दौरान उनकी पुलिस कर्मियों से भी नोकझोंक हुई। जिसके बाद पुलिस ने पनीर मालिक, पूर्व प्रधान प्रेमवीर सिंह, प्रधान के चालक मुकुल को शांति भंग करने के आरोप में हिरासत में ले लिया। शनिवार सुबह को तीनों का चालान कर दिया।
शनिवार सुबह को पनीर मालिक व पूर्व प्रधान प्रेमवीर सिंह के समर्थन में सैकड़ों लोगों ने थाने का घेराव कर धरना शुरू कर दिया। उनके समर्थन में पहुंचे मुजफ्फर नगर के पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ धरनारत लोगों से वार्ता की।
दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पनीर को ठीक बताते हुए जिलाधिकारी मेधा रूपम से खाद्य निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई व नष्ट कराए गए पनीर का भुगतान कराने की मांग की। उसके बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री ने एसीपी सार्थक सेंगर व अरविंद कुमार से वार्ता की। पुलिस उच्चाधिकारियों ने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।