नोएडा में महिला की हत्या मामले में खुलासा, प्रेमी निकला कातिल; पूछताछ में कबूली मर्डर की वजह
नोएडा के सेक्टर 15ए में एक महिला की हत्या उसके प्रेमी ने की। महिला उस पर शादी का दबाव बना रही थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला कि दोनों एक फैक्ट्री में काम करते थे। महिला के धमकी देने पर आरोपी ने उसे पार्क में बुलाकर मार डाला। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है।

जागरण संवाददाता, नोएडा। फेज वन थाना क्षेत्र के सेक्टर 15ए के सामने एक सितंबर को अमिताभ बच्चन पार्क में हुई महिला की हत्या उसके प्रेमी ने की थी। महिला शादी करने और परिवार को छोड़ने का लगातार दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर प्रेमी ने महिला को पार्क में बुलाया था।
गले पर चाकू मारकर भाग गया था। स्वजन के शिनाख्त करने पर पुलिस ने महिला का मोबाइल की सीडीआर खंगाली और इससे पुलिस हत्यारोपित प्रेमी तक पहुंची। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्ता कर जेल भेज दिया।
नोएडा फेज वन थाना पुलिस ने अज्ञात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया था। उसकी शिनाख्त करने में जुटी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की गला रेतकर हत्या करना सामने आया था। पुलिस ने दिल्ली, गाजियाबाद के थानों में भी महिला के फोटो भेजवाए थे।
पुलिस के मुताबिक बिहार मधुबनी के परमेश्वर शाह ने 16 सितंबर को महिला की अपनी बेटी के रूप में शिनाख्त की थी। महिला नाम ममता बताया था। पुलिस ने तस्दीक करते हुए महिला का मोबाइल नंबर प्राप्त किया। उसकी सीडीआर और अंतिम लोकेशन रन कराई।
कॉल डिटेल के आधार पर दिल्ली दल्लूपुरा के रहने वाले हरखू राम उर्फ दीपक की भूमिका संदिग्ध मिली। 18 सितंबर को पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। वह टूट गया और हत्या करने बात कबूल की।
पूछताछ में बताया कि दोनों नोएडा की एक फैक्ट्री में काम करते थे। नजदीकी बढ़ने पर दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए थे। ममता भी शादीशुदा थी, लेकिन उसका तलाक हो चुका था। वह हरखू राम अपनी पत्नी व बच्चों को छोड़कर शादी करने का दबाव बना रही थी।
ऐसा करने से मना करने पर पुलिस से शिकायत करने और बदनाम करने की धमकी दे रही थी। सामाजिक प्रतिष्ठा खराब के डर से आरोपित काफी परेशान चल रहा था। 31 अगस्त को महिला बिहार से लौटी थी। एक सितंबर को आरोपित ने उसे पार्क में मिलने के लिए बुलाया था।
गुस्से में आकर चाकू से महिला की हत्या कर दी थी। वहां से भाग गया था। महिला की शिनाख्त नहीं होने से वह निश्चित मानकर चल रहा था कि वह पुलिस के हत्थे चढ़ेगा। एडीसीपी नोएडा सुमित शुक्ला ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर आलाकत्ल चाकू बरामद कर लिया गया है। उसे जेल भेज दिया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।