नोएडा में 214 आवेदक 10 प्लॉट के लिए लगाएंगे बोली, योजना में 111 से 7430 वर्गमीटर के भूखंड हैं शामिल
Noida Industrial Plot Scheme नोएडा प्राधिकरण की इंडस्ट्रियल प्लॉट योजना के अंतर्गत 214 आवेदनों की जांच पूरी हो चुकी है। आवेदकों को त्रुटियां सुधारने का मौका मिलेगा जिसके बाद ई-नीलामी होगी। सेक्टर 7 8 10 80 और 162 में स्थित भूखंडों के लिए यह योजना लाई गई है। सबसे छोटे भूखंड का आरक्षित मूल्य 56 लाख और सबसे बड़े का 16 करोड़ रुपये है।

जागरण संवाददाता, नोएडा। प्राधिकरण में औद्योगिक भूखंड योजना में 214 आवेदकों ने आवेदन किया है। यह माह के अंत में तक 10 भूखंड के लिए ई बोली लगाएंगे, क्योंकि प्राधिकरण कार्यालय पर आवेदन करने वाले आवेदकों के फार्म की स्क्रूटनी का काम पूरा कर लिया गया है।
सोमवार प्राधिकरण का औद्योगिक विभाग स्क्रूटनी के जरिये जिन आवेदकों के फार्म में छोटी मोटी गलती मिली है, उसको दुरुस्त करने का एक सप्ताह का मौका देगा।
कब लॉन्च हुई थी योजना?
बता दें कि नोएडा प्राधिकरण के औद्योगिक विभाग ने 14 जुलाई को 12 भूखंड की योजना लॉन्च की थी। इसमें चार अगस्त तक आवेदन करना था, लेकिन इसकी तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है।
यह बदलाव एक इलाहाबाद हाई कोर्ट में लगी याचिका के बाद नोएडा प्राधिकरण ने लिया है। इसमें सेक्टर-10 के दो औद्योगिक भूखंड को योजना से बाहर कर दिया गया है। इसके बाद आवेदन की तिथि को बढ़ाकर 14 अगस्त कर दिया गया।
ऐसे में इन दस औद्योगिक भूखंड के लिए 214 लोगाें ने आवेदन किया है। इनके दस्तावेजों का परीक्षण चल रहा था। यह कार्य अब पूरा होता बताया जा रहा है। अगले सप्ताह से आपत्तियों दुरुस्त कराने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद ई बोली का आयोजन होगा।
किस सेक्टर में हैं प्लॉट?
काफी लंबे से औद्योगिक भूखंड की योजना नहीं आई थी। ऐसे में फेज-1 और फेज-2 में जमीन का सर्वे कराया गया। इसमें खाली भूखंड को देखा गया। लैंड बैंक बनने के बाद काफी जमीन खाली मिली। हालांकि यह जमीन अलग-अलग सेक्टर में है। ऐसे में अभी 10 औद्योगिक भूखंड की योजना निकाली गई है।
यह भूखंड सेक्टर-7, 8,10, 80 और 162 है। सभी सेक्टर पुराने और सड़क मार्ग से बेहतर तरीके से जुड़े है। ऐसे में ई नीलामी के जरिये प्राधिकरण को एक अच्छा राजस्व मिलने की उम्मीद है। योजना के तहत सबसे छोटा औद्योगिक भूखंड 111.48 वर्ग मीटर सेक्टर-8 में है, जिसका रिजर्व प्राइज 56 लाख रुपये रखा गया है।
सबसे बड़ा भूखंड सेक्टर-162 में 7430 वर्गमीटर का है। इसका रिजर्व प्राइज 16 करोड़ रखा गया था। रिजर्व प्राइज के अनुसार सभी औद्याेगिक भूखंडों की अर्नेस्ट मनी डिपाजिट (ईएमडी) भी अलग-अलग है। योजना में हिस्सा लेने वालों को ईएमडी जमा करा दी है।
योजना के तहत औद्योगिक भूखंड की स्थित
सेक्टर | संख्या | एरिया वर्ग मीटर | आरक्षित मूल्य (रुपये में) | ईएमडी (रुपये में) |
---|---|---|---|---|
सेक्टर-7 | डी064 | 405.62 | 20418911 | 2041892 |
सेक्टर-8 | एफ133 | 111.48 | 5611904 | 561191 |
सेक्टर-8 | एफ016 | 1178.77 | 60822764 | 6082277 |
सेक्टर-80 | डी067 | 450 | 10013738 | 1001374 |
सेक्टर-80 | डी068 | 450 | 10013738 | 1001374 |
सेक्टर-80 | डी073 | 892.54 | 20345896 | 2034590 |
सेक्टर-80 | डी074 | 668 | 15227395 | 1522740 |
सेक्टर-80 | डी 105, 106, 107 | 1350 | 30773925 | 3077393 |
सेक्टर-162 | 16 | 7430 | 157814241 | 15781425 |
सेक्टर-162 | 16 ए | 7430 | 161663386 | 16166339 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।