यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 03, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Noida Fire: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आग की चपेट में आया लकड़ी का गोदाम, आग बुझाने में जुटे दमकलकर्मी
Noida Fire शाहबेरी गांव में लकड़ी के एक गोदाम में भीषण आग लग गई है। यह गोदाम 6 मंजिल मकान ...और पढ़ें

नोएडा, जागरण संवाददाता। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी में 6 मंजिला इमारत के बेसमेंट में सुबह करीब 8 बजे अचानक आग लग गई। बेसमेंट में लकड़ी का गोदाम बताया जा रहा है। इमारत में कई परिवार भी रहते हैं। जिस समय आग लगी इमारत में 50 से अधिक लोग मौजूद थे। आसपास एकत्र लोगों ने ऊपरी मंजिल पर रहने वाले लोगों को सीढ़ी लगाकर नीचे उतारा। इसके साथ ही आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दी।सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। जांच में सामने आया है कि इमारत में अग्निशमन उपकरण नहीं लगे थे। आग लगने की वजह फिलहाल शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है । आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है।
.jpg)
आग के मुहाने पर है शाहबेरी की इमारतें
शाहबेरी में बिल्डरों ने न केवल मानकाें को दरकिनार कर बहुमंजिला इमारतें खड़ी कर दी। बल्कि इमारतें आग के मुहाने पर है। शायद ही ऐसी कोई इमारत हो जिसमें अग्निशमन उपकरण लगे है। करीब 25 हजार की आबादी शाहबेरी गांव में इन इमारतों में रह रही है। 17 जुलाई 2018 को दो इमारतों के जमीदोज होने के बाद बिल्डरों का फर्जीवाड़ा उजागर हुआ था। जिसके बाद ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण व जिला प्रशासन इमारतों के निर्माण पर रोक लगा चुका है। ढांचागत स्थिति में खड़ी डेढ़ सौ से अधिक इन इमारतों का प्रशासन के आदेश को दनकिरार कर न केवल पूरा कर लिया गया, बल्कि लोगों ने रहना भी शुरू कर दिया है।
मलबे के ढेर में दबकर 9 जिंदगीयों ने तोड़ दिया था दम
17 जुलाई 2018 की रात को दो अवैध इमारतें ताश के पत्तों की तरह धराशायी हो गई थी। इसमें दबकर नौ लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण शाहबेरी में हो रहे अवैध निर्माण पर रोक लगा चुका है।प्राधिकरण ने सैकड़ों इमारतों को खतरनाक बताते हुए शील भी किया था।