Noida Farmer Protest: नोएडा में किसानों की महापंचायत, प्राधिकरणों के खिलाफ किया जमकर प्रदर्शन
Farmers Protest नोएडा के दनकौर में किसान संगठनों ने प्राधिकरणों के खिलाफ मोर्चा खोला। ग्रेटर नोएडा से जेवर तक महापंचायतें हुईं जिनमें किसानों ने मुआवजा भूखंड और आबादी समाधान की मांग की। अधिकारियों के न पहुंचने पर किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। किसान एकता महासंघ और भारतीय किसान यूनियन ने अलग-अलग स्थानों पर पंचायतें कीं। जेवर के किसानों ने यमुना प्राधिकरण पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया।

संवाद सूत्र, दनकौर (नोएडा)। प्राधिकरणों के खिलाफ किसान संगठनों ने बुधवार को मोर्चा खोल दिया। ग्रेटर नोएडा से लेकर जेवर तक किसान संगठनों ने अलग-अलग जगहों पर महापंचायत कर मांगों को पूरा कराने की हुंकार भरी। दनकौर क्षेत्र में तीन संगठनों ने पंचायत की।
किसानों को मांग पत्र लेने के लिए मौके पर अधिकारियों के न पहुंचने से नाराज दो संगठनाें ने पंचायत को धरने में तब्दील कर दिया। महापंचायत के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। करीब छह घंटे तक तीनों संगठनों की पंचायत चली।
किसान एकता महासंघ और भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि किसानों की समस्या सुनने के लिए तीनों प्राधिकरणों में तैनात कोई अधिकारी मौके पर नही पहुंचा। अधिकारियों के मौके पर नही पहुंचने के कारण पंचायत समाप्त कर अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया गया।
किसान एकता महासंघ द्वारा सलारपुर अंडरपास पर, भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत ने फार्मूला वन के मुख्य गेट के सामने अंडरपास पर और भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने गलगोटिया अंडरपास पर महापंचायत की। संगठनों ने किसानों को अतिरिक्त प्रतिकर, आवासीय भूखंड और आबादी निस्तारण की मांग की।
जेवर क्षेत्र में विस्थापित किसानों ने एयरपोर्ट के लिए अधिगृहीत जमीन के बदले विकसित भूखंड न मिलने का मुद्दा उठाया। आरोप लगाया कि यमुना प्राधिकरण उनसे सौतेला व्यवहार कर रहा है। इससे किसानों को नुकसान हो रहा है।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत की पंचायत में एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे, ओएसडी अभिषेक पाठक, शैलेंद्र सिंह और नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अरविंद कुमार किसानों से वार्ता के लिए पहुंचे।
किसान एकता महासंघ के अध्यक्ष रमेश कसाना और भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत के पूर्व जिला अध्यक्ष श्यामवीर नागर का कहना है कि उनकी समस्याओं को जानने के लिए किसी भी प्राधिकरण से कोई सक्षम अधिकारी नहीं पहुंचा।
जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, धरना जारी रहेगा। पंचायत में पवन खटाना, सुनील प्रधान, इंद्रजीत कसाना, रोबिन नागर, बेली भाटी, नीरज कसाना, योगेश भाटी, संदीप खटाना,अरविंद सेक्रेटरी, कृष्ण भाटी, बाबी नागर और पंकज शर्मा आदि उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।