मुंबई बम धमकी मामले में नोएडा से कथित ज्योतिषी गिरफ्तार, लश्कर-ए-जिहादी से जुड़ा होने का किया था दावा
मुंबई पुलिस ने नोएडा से एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जिसने अनंत चतुर्दशी पर मुंबई को 400 किलो आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी थी। आरोपी अश्विनी कुमार सुप्रा बिहार का रहने वाला है और पिछले पांच साल से नोएडा में रह रहा था। वह खुद को ज्योतिषी बताता था। पुलिस ने उसे सेक्टर 79 से गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, नोएडा। मुंबई में अनंत चतुर्दशी के दिन 400 किलो आरडीएक्स से शहर को उड़ाने की धमकी देने वाले एक शख्स को मुंबई पुलिस ने नोएडा से गिरफ्तार किया है। इसी के साथ 24 घंटे के भीतर ही पूरे मामले का खुलासा हो गया। आरोपी की पहचान अश्विनी कुमार सुप्रा के रूप में हुई है, जो मूलत: बिहार का रहने वाला है। वह पिछले पांच साल से नोएडा में रह रहा था। अश्विनी खुद को ज्योतिषी बताता था।
कहा था, लगाए हैं 34 गाड़ियों में ह्यूमन बम
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे मुंबई ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर धमकी भरे संदेश प्राप्त हुए थे। संदेश में दावा किया गया था कि शहर में 34 गाड़ियों में ह्यूमन बम लगाए गए हैं, जिनमें 400 किलो आरडीएक्स का इस्तेमाल किया गया है।
धमकी में कहा गया था कि ये धमाके पूरे मुंबई को हिलाकर रख देंगे और करीब एक करोड़ लोग इसकी चपेट में आएंगे। आरोपी ने खुद को पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन 'लश्कर-ए-जिहादी' का सदस्य बताते हुए यह भी दावा किया था कि 14 आतंकी मुंबई में घुस चुके हैं। संदेश में मुंबई पुलिस के खिलाफ अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया था।
नोएडा में छापेमारी, आरोपी गिरफ्तार
इसके बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने धमकी के स्रोत का पता लगाया और नोएडा में छापेमारी कर अश्विनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपित सेक्टर 79 सिविटेक स्टेडिया सोसायटी में रहता था। अब अश्विनी को नोएडा से मुंबई लाया जा रहा है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी ताकि धमकी के पीछे का असली मकसद सामने आ सके।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।