Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नोएडा में प्रशासनिक अधिकारियों की कार्य प्रणाली से रूबरू हुए मॉरीशस के सिविल सेवक

    Updated: Wed, 17 Sep 2025 08:55 AM (IST)

    मॉरीशस के सिविल सेवकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्सपो सेंटर का दौरा किया। उन्होंने प्रशासनिक ढांचे कार्यशैली और विकास योजनाओं पर अधिकारियों से चर्चा की। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी विशेष रूप से ई-गवर्नेंस सिस्टम की सराहना की गई। अधिकारियों ने सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान पर भी जोर दिया।

    Hero Image
    मॉरीशस के सिविल सेवकाें के साथ जिलाधिकारी मेधा रूपम।

    जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। मॉरीशस के सिविल सेवकों ने मंगलवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट परिसर में प्रशासनिक रूपरेखा, कार्य शैली, विकास माडल तथा योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में विस्तार से बातचीत की।

    मॉरीशस के सिविल सेवकों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जनपद गौतमबुद्धनगर का भ्रमण किया। मॉरीशस देश के साथ प्रथम बार हुई सिविल सेवकों की ट्रेनिंग में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंचकर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस अवसर पर जिलाधिकारी मेधा रूपम एवं मुख्य विकास अधिकारी डा. शिवाकांत द्विवेदी सहित एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे, एसडीएम दादरी अनुज नेहरा, डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट विवेक भदौरिया, तहसीलदार जेवर प्रतीक चौहान, उपयुक्त उद्योग अनिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार तथा सहकारिता विभाग से आलोक रंजन ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।

    भ्रमण के दौरान अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने जिले की प्रशासनिक रूपरेखा, कार्यशैली, विकास माडल तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी विस्तार से प्राप्त की। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने स्मार्ट सिटी मिशन, औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचा सुदृढ़ीकरण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार जैसे क्षेत्रों में चल रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।

    प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन द्वारा लागू की गई ई-गवर्नेंस व्यवस्था, डिजिटल सेवाएं, त्वरित शिकायत निस्तारण प्रणाली तथा निवेशकों के लिए सिंगल विंडो सुविधा की विशेष सराहना की और इसे सुशासन एवं पारदर्शी प्रशासन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

    अधिकारियों ने आपसी सहयोग, अनुभवों के आदान-प्रदान तथा प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। अंतरराष्ट्रीय नोएडा एयरपोर्ट एवं इंटरनेशनल ट्रेड फेयर की जानकारी भी साझा की गई। एनसीजीजी भारत सरकार की एसोसिएट प्रोफेसर डा. हिमांशी रस्तोगी ने जिलाधिकारी को प्रतीक चिह्न भेंट किया।