Noida News: नोएडा के सेक्टर 3 स्थित काल सेंटर में लगी भीषण आग, दमकल ने 5 लोगों का किया रेस्क्यू
Noida के सेक्टर तीन में शुक्रवार सुबह एक काल सेंटर में आग लगने के बाद हड़कंप मच गया। आग की खबर मिलते ही दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर पांच लोगों का रेस्क्यू किया। काफी मसक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिल सकी।
नोएडा, एएनआई। राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर 3 में शुक्रवार सुबह एक काल सेंटर में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर काल सेंटर में फंसे पांच लोगों का रेस्क्यू किया। काफी मसक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिल सकी। काल सेंचर पूरी तरह से जलकर राख हो चुका है।
दमकल की टीम ने किया लोगों का रेस्क्सू
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सुशील कुमार सिंह के अनुसार, नोएडा के सेक्टर 3 स्थित एक काल सेंटर में शुक्रवार सुबह करीब 7.45 में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और इमारत में फंसे लोगों का रेस्क्यू आपरेशन शुरु किया। सीएफओ ने बताया कि विभाग को सेक्टर 3 स्थित इमारत के दूसरी मंजिल पर एजीईआईएस काल सेंटर में आग लगी थी। सिंह ने आगे कहा कि आग में कम से कम पांच लोग फंसे हुए थे। रेस्क्यू आपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
नुकसान का किया जा रहा आकलन
अधिकारी ने बताया कि आग को बुझा लिया गया है। हालांकि, अब तक काल सेंटर में आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है। वहीं आग लगने के कारण संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि स्थानीय अग्निशमन विभाग ने हाल ही में व्यावसायिक स्थानों में स्थापित अग्नि सुरक्षा प्रणालियों और उपकरणों की समीक्षा के लिए एक निरीक्षण अभियान चलाया था। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे कई प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए, जहां अग्नि सुरक्षा प्रणाली सही नहीं पाई गई।
पहले भी हुई ऐसी घटना
इससे पहले, एक अलग घटना में, 5 सितंबर को उत्तर प्रदेश में लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र के लेवाना होटल में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी और 10 अन्य घायल हो गए थे, जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर संज्ञान लिया था। और अधिकारियों को घायलों को इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।