लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने की CM योगी की तारीफ, राणा सांगा के मामले में सपा को घेरा
लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को पत्र लिखकर कारण बताओ नोटिस का जवाब दिया है। इसमें उन्होंने लिखा है कि उनके लिए संगठन सर्वोपरि है। विधायक बनने से पूर्व भी कई पदों पर काम कर चुके हैं। जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारी जैसे पदों पर भी काम कर चुके हैं। कलश यात्रा के दौरान लोनी में एक विधायक होते हुए जो भी हुआ वह अच्छा नही हुआ।

जागरण संवाददाता, जेवर। गाजियाबाद की लोनी सीट से चर्चित भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर रविवार को मुख्यमंत्री से मिलने जाते समय जेवर पहुंचे। विधायक पिछले दिनों कलश यात्रा के दौरान पुलिस के साथ हुए विवाद के बाद फटा कुर्ते के ऊपर भगवा वस्त्र ओढ़कर पैरों में बिना कुछ पहने नंगे पैर जेवर ही जेवर में दिखाई दिए।
यहां जेवर के सबसे पहले विधायक ठाकुर छत्तरपाल सिंह के स्वजन ने स्वागत किया गया। उन्होंने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए समाजवादी पार्टी को राणा सांगा मामले को लेकर जमकर घेरा।
कारण बताओ नोटिस का दिया जवाब
नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रदेश अध्यक्ष को भेज दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात का समय मिला है। मुख्यमंत्री सही बातों को समझेंगे और गलत बातों का खंडन भी करेंगे।
दिल्ली से न कोई बात न हुआ इशारा : नंद किशोर गुर्जर
उन्होंने कहा कि आरोप लगाए जाते हैं कि दिल्ली और केशव प्रसाद मौर्या के इशारों पर बोलते हैं, जबकि उनको दिल्ली से कोई फोन नहीं आया, उपमुख्यमंत्री ने भी सिर्फ गौतमबुद्धनगर आगमन के दौरान फटा कुर्ता देख कहा था कि राम भक्तों पर फूल बरसाए जाते हैं लाठियां नहीं चलाई जातीं।
इन आरोपों की सत्यता के लिए वह लाइव डिटेक्टर टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं। लखनऊ पहुंचकर पार्टी के नेताओं से बातचीत करते हुए अपना पक्ष रखेंगे। जिसके बाद सीधे अयोध्या भगवान श्रीराम की शरण में पहुंच दर्शन कर जनता की सेवा में जुटेंगे।
समाजवादी पार्टी को घेरते हुए कहा कि राणा सांगा का बलिदान देश को याद है। उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
कलश यात्रा के दौरान क्या हुआ?
संगठन लोनी में टीम भेजकर कलश यात्रा रोकने के लिए की गई पुलिस की बर्बरता की जांच करा सकता है। विधायक नंद किशोर गुर्जर ने पत्र में लिखा है कि 20 मार्च को निकाली गई कलश यात्रा के दौरान मेरे सिर पर हिंदुओं का सबसे पवित्र ग्रंथ रामचरित मानस रखा था।
उसी समय पुलिस ने बर्बरता की सारी हदें पार कर लाठी चार्ज किया। महिलाओं के कपड़े तक फट गए। विधायक होते हुए मेरे साथ भी अभद्रता ऐसी हुई कि कपड़े तक फट गए।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को लिखे पत्र में बताया कि वह भाजपा में छात्रसंघ अध्यक्ष, युवा मोर्चा व किसान मोर्चा की राष्ट्रीय टीम समेत गाजियाबाद जिलाध्यक्ष व बागपत जिले के प्रभारी रह चुके हैं। उनका प्रत्येक वक्तव्य राष्ट्रधर्म, गो रक्षा, हिंदुत्व व सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने विधायक के खिलाफ खोला मोर्चा
भाजपा नेता व लोनी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना ने रविवार को रिस्तल गांव स्थित अपने निवास पर एक प्रेस वार्ता कर योगी सरकार की आठ वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं। वहीं मौजूदा विधायक नंद किशोर गुर्जर के खिलाफ बोलते हुए कहा कि वे राजनीति के लिए समाज व सरकार को निशाना न बनाएं।
भाजपा नेता व पूर्व ब्लाक प्रमुख अनिल कसाना ने लोनी में एक धार्मिक आयोजन के दौरान हाल ही में हुए पुलिस और विधायक प्रकरण पर कहा कि जो काम विपक्ष का होता है, वह कार्य लोनी विधायक कर रहे हैं। अपने निजी मतभेदों को ये संगठन सरकार व समाज का मुद्दा बनाकर राजनीति कर रहे हैं, जो कि इन्हें शोभा नहीं देता। आज उन्हें समाज व जनता की याद आ रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।