जानिये- कौन हैं राजकुमार भाटी, जिन पर दादरी सीट पर अखिलेश यादव ने लगाया दांव
पेशे से पत्रकार रहे और बाद में मिहिर भोज पोस्ट ग्रेजुएट कालेज में प्रोफेसर भी रह चुके राजकुमार भाटी शुरू से ही संघर्षशील नेता रहे हैं। देहात मोर्चा से उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी शुरू की थी। किसान आंदोलनों में वह बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं।
ग्रेटर नोएडा [धर्मेंद्र चंदेल]। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण के लिए समाजवादी पार्टी ने गौतमबुद्धनगर की दादरी विधानसभा सीट से प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार भाटी को उतारने का ऐलान किया है। पेशे से पत्रकार रहे और बाद में मिहिर भोज पोस्ट ग्रेजुएट कालेज में प्रोफेसर भी रह चुके राजकुमार भाटी शुरू से ही संघर्षशील नेता रहे हैं। देहात मोर्चा से उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी शुरू की थी। किसान आंदोलनों में वह बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं। इस समय सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पिछले छह माह से वह चुनावी तैयारी में लगे हुए थे। समाजवादी पार्टी ने उन्हें काफी पहले चुनाव लड़ाने का संकेत दे दिया था। इसी वजह से वह चुनाव में जुटे हुए थे। बूथों पर उनकी तैयारियां बड़े स्तर पर चल रही थी। बसपा से दादरी से मनवीर भाटी, जेवर से नरेंद्र भाटी डाढ़ा व नोएडा से कृपाराम शर्मा प्रत्याशी हैं।
राजकुमार भाटी ने लिखा है 'अखिलेश आ रहे हैं गीत'
पिछले कुछ महीने से गूंज रहा गीत 'यूपी के हर कोने से संदेश आ रहे हैं, अखिलेश आ रहे हैं' राजकुमार भाटी ने ही लिखा है। समाजवादी पार्टी के चुनाव अभियान के लिए ग्रेटर नोएडा निवासी सपा नेता और प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार भाटी के लिखे इस गीत को नोएडा निवासी मुनि रमन ने गाया है l राजकुमार भाटी ने बताया कि चार अंतरों वाले इस गीत में सपा सरकार के पिछले कार्यकाल में किये गए विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया गया है l पिछले साल अगस्त-सितंबर में लान्च किया गया है।
दादरी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) ने तो शुक्रवार को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया, लेकिन नोएडा सीट से सपा अभी अपना उम्मीदवार घोषित नहीं कर पाई है। सुनील चौधरी, योगेंद्र शर्मा व अतुल शर्मा के नाम की अटकलें लगाई जा रही हैं। सूत्रों की मानें तो बसपा द्वारा नोएडा से ब्राह्मण जाति पर दांव लगाए जाने की वजह से सपा ने नोएडा से वैश्य समाज को टिकट देने का मन बना लिया है। नोएडा में वैश्य समाज का करीब सवा लाख वोट है। करीब 70 हजार मुस्लिम व 40 हजार यादव हैं। ऐसे में पार्टी वैश्य समाज को अपने पाले में लाने के लिए टिकट दे सकती है। वैश्य समाज के एक बड़े नेता के नाम की घोषणा शनिवार को हो सकती है।
वहीं, रालोद-सपा गठबंधन से जेवर सीट से अवतार सिंह भड़ाना मैदान में हैं। वहीं गौतमबुद्ध नगर की तीनों सीटों पर कांग्रेस, बसपा और आम आदमी पार्टी अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। कांग्रेस से नोएडा से पंखुड़ी पाठक, दादरी से दीपक भाटी चोटीवाला व जेवर से मनोज चौधरी को मैदान में उतारा है। आम आदमी पार्टी से नोएडा से पंकज अवाना, दादरी से संजय चेची व जेवर से पूनम मैदान में हैं।
यूपी की सबसे बड़ी सीट पर जानिये कौन हैं समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी