Noida: लाखों महिलाओं के लिए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का संदेश- 24 घंटे मिलेगी सुरक्षा, बनेगी नजीर
जिले की अलग पहचान और चुनौतियां हैं। तीन सालों में काफी चीजें क्रमवार तरीके से डेवलप की गई। किसी भी नए सिस्टम को मजबूत करने में थोड़ा समय लगता है। पिछले तीन साल में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में बेहतर कार्य हुए है उनको आगे बढ़ाया जाएगा।

नोएडा, जागरण संवाददाता। स्ट्रीट क्राइम हो या संगठित अपराध, साइबर ठगी हो या फिर यातायात संबंधी समस्या। गौतमबुद्धनगर की नव नियुक्त पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सभी मुद्दों पर चार्ज लेने के बाद बुधवार को खुलकर बात की। सेक्टर 108 स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में यातायात व्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को सुरक्षित माहौल प्रदान करने पर उनका जोर रहा। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि दिल्ली से सटे होने सहित कई लिहाज से महत्वपूर्ण होने के कारण जिले में कमिश्नरेट प्रणाली लागू तीन साल पहले लागू की गई थी।
जिले की अलग पहचान और चुनौतियां
जिले की अलग पहचान और चुनौतियां हैं। तीन सालों में काफी चीजें क्रमवार तरीके से डेवलप की गई। किसी भी नए सिस्टम को मजबूत करने में थोड़ा समय लगता है। पिछले तीन साल में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में बेहतर कार्य हुए है, उनको आगे बढ़ाया जाएगा।
दूसरों के लिए बनेगा उदाहरण
एनसीआर क्षेत्र में पुलिसिंग का ऐसा मानक तय किया जाएगा जो अन्य कमिश्नरेट के लिए उदाहरण पेश करेगा। नोएडा की पुलिसिंग की तुलना दिल्ली की पुलिसिंग से की जाती है। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट को सुरक्षा-व्यवस्था के लिहाज से अन्य कमिश्नरेट के लिए उदाहरण बनाएंगे। नोएडा कमिश्नरेट सिस्टम को दिल्ली सहित अन्य कमिश्नरेट से बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। साइबर अपराध से निपटने के लिए साइबर सेल में तकनीकी रूप से कुशल अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। साइबर ठगी से निपटने के लिए समय प्रबंधन पर भी काम किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
महिलाओं को मिलेगा स्थायी सुरक्षा कवच
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि कई मल्टीनेशनल कंपनी सहित हजारों फैक्ट्री का हेडक्वार्टर जिले में है। यहां हजारों-लाखों की संख्या में महिलाओं काम करती हैं। इन महिलाओं को 24 घंटे स्थायी सुरक्षा कवच प्रदान करना हमारी प्राथमिकता में है। महिला संबंधी अपराध पर अंकुश लगाने का सिलसिला जारी रहेगा। रात को कंपनियों के आसपास पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी।
अपराध और अपराधियों पर तेज होगा प्रहार
महानगर होने के साथ जिले की सीमा कई राज्यों और जिले से मिलती है। यहां से आने वाले अपराधियों पर विशेष नजर रहेगी और इसमें हर हाल में कमी लाई जाएगी। संगठित अपराध पर जिस प्रकार काम हुआ है,आगे भी वैसा ही प्रहार जारी रहेगा। अपराध और अपराधियों को लेकर जीरो टालरेंस की नीति है।
बढ़ाए जाएंगे साधन
कई थाने अस्थायी भवनों और चौकियों में संचालित हो रहे हैं। सभी थानों का अपना भवन हो इस पर जोर रहेगा। तब तक चौकियों में मौजूद सुविधाओं और संसाधनों में इजाफा किया जाएगा ताकि फरियादी को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही जर्जर पीआरवी और पीसीआर को बदला जाएगा। जिले से कई हाइवे गुजरते हैं,उसी हिसाब से पेट्रोलिंग होगी। इसके लिए प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की आवश्यकता है। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अन्य प्राधिकरण और विभागों से समन्वय स्थापित कर सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।