विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में लगी जमीन की सबसे बड़ी बोली, M3M ने 1,839 करोड़ में खरीदा प्लॉट; DLF को पछाड़ा

Published: Thu, 10 Sep 2026 07:25 PM (IST)

M3M इंडिया ने नोएडा के सेक्टर-108 में 49,932 वर्गमीटर का कमर्शियल मिक्स्ड यूज प्लॉट 1,839 करोड़ रुपये में खरीदा, जो ...और पढ़ें

सेक्टर-108 में 49,932 वर्गमीटर का काॅमर्शियल मिक्स्ड यूज प्लाॅट रियल एस्टेट कंपनी एम3एम इंडिया ने 1,839 करोड़ में खरीदा। एआई इमेज

सेक्टर-108 में 49,932 वर्गमीटर का काॅमर्शियल मिक्स्ड यूज प्लाॅट रियल एस्टेट कंपनी एम3एम इंडिया ने 1,839 करोड़ में खरीदा। एआई इमेज

HighLights

  1. M3M इंडिया ने नोएडा सेक्टर-108 में प्लॉट 1,839 करोड़ में खरीदा।

  2. यह सौदा रिजर्व कीमत 836 करोड़ से दोगुने से अधिक में हुआ।

  3. नीलामी में M3M ने DLF की 1,740 करोड़ की बोली को पीछे छोड़ा।

कुंदन तिवारी, नोएडा। सेक्टर-108 में 49,932 वर्गमीटर का काॅमर्शियल मिक्स्ड यूज प्लाॅट रियल एस्टेट कंपनी एम3एम इंडिया ने 1,839 करोड़ में खरीदा। इसकी रिजर्व कीमत 836 करोड़ रखी गई थी, जिससे स्पष्ट है कि यह प्लाॅट रिजर्व कीमत से दोगुने से अधिक में बिका।

नीलामी में एम3एम और डीएलएफ के बीच प्रतिस्पर्धा हुई। डीएलएफ ने अंतिम बोली 1,740 करोड़ लगाई, लेकिन एम3एम ने 1,839 करोड़ की बोली लगाकर प्लाॅट अपने नाम कर लिया। उल्लेखनीय है कि नीलामी में तीसरी शाॅर्टलिस्टेड कंपनी गोदरेज प्राॅपर्टीज ने भाग नहीं लिया।

बीपीटीपी कैपिटल सिटी ने 5,006 करोड़ की पेशकश की

यह जमीन मिक्स्ड यूज की है, जिससे यहां आलीशान होटल, काॅमर्शियल काॅम्प्लेक्स, माल और स्टूडियो अपार्टमेंट का निर्माण संभव है। प्राधिकरण के ओएसडी क्रांति शेखर सिंह ने बताया कि कंपनी ने अभी तक कोई योजना प्रस्तुत नहीं की है। योजना मिलने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यहां क्या निर्माण किया जाएगा।

सेक्टर-108 का यह सौदा नोएडा में अब तक के सबसे महंगे काॅमर्शियल जमीन सौदों में दूसरे स्थान पर है। इससे पहले 2008 में सेक्टर-94 के 95 एकड़ प्लाॅट के लिए बीपीटीपी कैपिटल सिटी ने 5,006 करोड़ की पेशकश की थी, हालांकि बाद में कंपनी ने इसका कुछ हिस्सा सरेंडर कर दिया था।

करीब छह एकड़ जमीन भी 414 करोड़ में थी खरीदी

एम3एम ने इससे पहले भी नोएडा में बड़े जमीन सौदे किए हैं। कंपनी ने नवंबर 2022 में सेक्टर-94 में करीब 12 एकड़ जमीन 827 करोड़ में खरीदी थी, जहां एम3एम द कुलियन प्रोजेक्ट विकसित कर रही है। इस वर्ष कंपनी ने सेक्टर-98 में करीब छह एकड़ जमीन भी 414 करोड़ में खरीदी थी।

नोएडा में कामर्शियल जमीन सीमित है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे केवल कुछ बड़े भूखंड ही कामर्शियल उपयोग के लिए उपलब्ध हैं। सेक्टर-142 के आसपास भी जमीन की कमी है, यही कारण है कि सेक्टर-108 जैसे प्राइम लोकेशन वाले प्लॉट के लिए बड़ी कंपनियों ने बोली लगाई।

केवल एक-एक बोलीदाता सामने आया

प्राधिकरण ने चार अन्य बड़े काॅमर्शियल प्लाॅट की भी नीलामी की, जिनमें से प्रत्येक के लिए केवल एक-एक बोलीदाता सामने आया। चारों प्लाॅट से प्राधिकरण को लगभग 1,515 करोड़ की राशि प्राप्त हुई।

सेक्टर-96 में 24,000 वर्गमीटर का प्लॉट 410 करोड़ की रिजर्व कीमत के मुकाबले 414.8 करोड़ में बिका। सेक्टर-98 में 24-24 हजार वर्गमीटर के दो प्लाट 414-414 करोड़ में बिके, जिनकी रिजर्व कीमत भी 410 करोड़ थी। सेक्टर-132 में 22,403 वर्गमीटर के प्लाॅट की भी नीलामी हुई।

यह भी पढ़ें- यीडा में पहली बार 40 वर्गमीटर के प्लॉट, चार हजार भूखंडों की योजना के लिए जमीन तलाश तेज

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में बनेगा सेमीकंडक्टर उद्योग का बड़ा हब, HCL ने 24 एकड़ जमीन पर SEZ का दिया प्रस्ताव