धूमधाम से मनाई कृष्ण जन्माष्टमी, भक्तों ने रखा व्रत
जागरण संवाददाता ग्रेटर नोएडा कृष्ण जन्मोत्सव पर्व शहरभर में धूमधाम से मनाया गया। व्रतियों ने मंदिर पहुंचकर कृष्ण भगवान की पूजा-अर्चना की। पूरे दिन मंदिरों में भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। शहर में विभिन्न स्थानों पर झांकी व शोभायात्रा निकाली गई।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : कृष्ण जन्मोत्सव पर्व शहरभर में धूमधाम से मनाया गया। व्रतियों ने मंदिर पहुंचकर कृष्ण भगवान की पूजा-अर्चना की। पूरे दिन मंदिरों में भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। शहर में विभिन्न स्थानों पर झांकी व शोभायात्रा निकाली गई। घरों में नन्हें-मुन्ने बच्चों को कान्हा के रूप में सजाया गया। शहर व ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों को बिजली के झालरों से सजाया गया। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित राधा कृष्ण मंदिर समेत सेक्टर अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा समेत अन्य मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
शहर स्थित इस्कान मंदिर में भी जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण का अभिषेक किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। सूरजपुर स्थित आज्ञेश्वर मंदिर में राधा-कृष्ण की विधि-विधान से पूजा की गई। शुक्रवार शाम चार बजते ही मंदिरों में भक्तों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। अपने ईष्ट देव का जन्मोत्सव मनाने में श्रद्धालु कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते। भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मध्य रात्रि में मनाया गया। चंद्रमा के दर्शन के बाद लोग पूजा-अर्चना कर अपना उपवास खोला। संध्या होते ही राधा-कृष्ण मंदिरों में भजन-कीर्तन का दौर शुरू हो गया। इस बार मंदिरों में बड़े स्तर पर आयोजन हुए। श्रद्धालुओं ने रखा व्रत : शहर में ज्यादातर लोगों ने उपवास रखते हुए भगवान कृष्ण की आराधना की। लड्डू गोपाल की मूर्तियों को नई पोशाकों से सजाया गया। मिष्ठान व पूजा सामग्री की दुकानों पर भी भीड़ देखी गई। महिलाओं ने पहले ही लड्डू गोपाल के भव्य श्रृंगार के लिए पोशाक, मुरली मुकुट, पालना आदि की खरीदारी कर ली थी। भजन गायन के साथ हुआ प्रसाद वितरण : गौर सिटी सोसायटी के छह एवेन्यू में जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान सोसायटी की महिला मंडली ने कृष्ण का सुंदर दरबार सजाया। सुंदर भजन गायन के बाद प्रसाद का वितरण हुआ। शुक्रवार को सोसायटी में मटकी फोड़ प्रतियोगिता हुई। इसमें सोसायटी के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छोटे बच्चों को राधा-कृष्ण के रूप में महिलाओं ने सजाया था। कार्यक्रम सफल बनाने में सरोज शर्मा, अनीता, मोना, सुधा, सुनैना, रेशम, पूनम, रजनी, रश्मि आदि महिलाओं ने अहम भूमिका रही।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।