ग्रेटर नोएडा के किसान चौक पर जाम से मिली मुक्ति, गौड़ चौक अंडरपास का ट्रायल शुरू; लाखों लोगों को राहत
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 700 मीटर लंबा गौड़ चौक (किसान चौक) अंडरपास ट्रायल के लिए खोल दिया गया है, जिससे ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को गुरुवार सुबह साढ़े पांच बजे करीब 700 मीटर लंबे गौड़ चौक (किसान चौक) अंडरपास सौंप दिया गया। वीडियो ग्रैब
HighLights
गौड़ चौक अंडरपास ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रायल के लिए खुला।
लाखों यात्रियों को भीषण ट्रैफिक जाम से मिली बड़ी राहत।
लगभग 87 करोड़ रुपये की लागत से 700 मीटर लंबा बना।
रंजत मिश्रा, ग्रेटर नोएडा। आखिरकार ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोगों को करीब 700 मीटर लंबे गौड़ चौक (किसान चौक) अंडरपास सौंप दिया गया। गुरुवार सुबह इस मार्ग को तीन दिन के ट्रायल के तौर पर खोल दिया गया।
इस बीच अधिकारियों ने वहां उपस्थित रहकर स्थितियों का निरीक्षण किया। इस अंडरपास को 4 फरवरी 2025 को बनाना शुरू किया गया। इसे 4 दिसंबर तक पूरा करने के निर्धारित लक्ष्य से एक माह पहले ही बनाने में सफलता मिली है।
हर कमी को दूर किया गया
- ट्रायल में सुरक्षा, साइनेज, लाइटिंग, जल निकासी और ट्रैफिक प्रबंधन की पूरी जांच ट्रैफिक पुलिस और प्राधिकरण की टीम की मौजूदगी में की गई।
- ट्रायल के दौरान जो भी कमी आएगी, उसे ठीक करने के बाद इसे जनता के लिए स्थायी रूप से खोल दिया जाएगा।
- गाड़ी चलाने वालों को ट्रायल के दौरान सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई थी।
जाम का सबसे बड़ा प्वाइंट था गौड़ चौक
गौड़ चौक से होकर रोज करीब पांच से छह लाख वाहन गुजरते हैं। इस वजह से यहां पर लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई थी। चार मूर्ति गोलचक्कर, किसान चौक, एक मूर्ति गोलचक्कर और नोएडा की ओर जाने वाले वाहनों का दबाव इस चौक पर रहता था।
सुबह-शाम पीक आवर में यहां लंबा जाम लग जाता था, जिससे लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती थी।
अंडरपास शुरू होने के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच ग्रेटर नोएडा ईस्ट, गाजियाबाद, विजयनगर, नोएडा व दिल्ली की तरफ सीधी आवाजाही आसान हो गई। तीन दिवसीय ट्रायल सफल रहा तो रोज की जाम की समस्या से बड़ी राहत मिली।
पेंटिंग से सजाकर बनाया गया खूबसूरत
अंडरपास के अंदर की दीवारों पर रंग-बिरंगी पेंटिंग बनाई गई हैं। इनमें भगवान बुद्ध के साथ ही प्राकृतिक दृश्यों को भी दीवारों पर उकेरा गया है। इससे अंडरपास से गुजरने वाले लोगों को एक अलग अहसास हो रहा है।
87 करोड़ की अनुमानित लागत
गौड़ चौक अंडरपास के निर्माण पर प्राधिकरण ने करीब 87 करोड़ रुपये खर्च किए। आधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना की स्वीकृत कुल लागत 83 करोड़ 60 लाख 29 हजार 593 रुपये थी, जबकि अंतत: इसकी कुल लागत 87 करोड़ 5 लाख 31 हजार 972 रुपये आई है। यह राशियां जीएसटी और लेबर सेस के बिना थीं।
"अंडरपास का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। फिनिशिंग का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। अंडरपास के शुरू होने से गौड़ सिटी और आसपास की सोसायटियों के लाखों लोगों को रोज लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी।"
-एनजी रवि कुमार, सीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण
यह भी पढ़ें- नोएडा एलिवेटेड रोड मरम्मत में देरी पर उठे सवाल, लोगों ने जताई नाराजगी
यह भी पढ़ें- नोएडा में प्रदूषण हुआ बेलगाम, ग्रेप नियमों की अनदेखी से हवा खराब, लोगों का जीना बेहाल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।