किडनी से कैंसर तक का इलाज होगा आसान, GIMS में खुलेंगे 4 नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग; MBBS की सीटें बढ़ाकर करेंगे 250
जिम्स ग्रेटर नोएडा में चिकित्सा सुविधाओं का बड़ा विस्तार होगा, जिसमें चार नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग और कॉर्निया ट्रांसप्लांट सेंटर स्थापित किए जाएंगे। संस्थान में एमबीबीएस की सीटें बढ़ाकर 250 करने का भी सुझाव दिया गया है।

ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स संस्थान में चार नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग स्थापित किए जाएंगे। फाइल फोटो
HighLights
जिम्स में चार नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग स्थापित होंगे।
कॉर्निया ट्रांसप्लांट सेंटर और हीमोफीलिया उपचार केंद्र भी बनेंगे।
एमबीबीएस सीटें 250 करने का सुझाव, 10 वर्षीय विकास योजना।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में आने वाले वर्षों में चिकित्सा सुविधाओं का बड़े स्तर पर विस्तार होगा। संस्थान में चार नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग स्थापित किए जाएंगे।
इसके साथ ही कॉर्निया ट्रांसप्लांट सेंटर और वयस्कों के लिए व्यापक हीमोफीलिया उपचार केंद्र की स्थापना का प्रस्ताव भी मंजूर कर दिया गया है। मंगलवार को मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में लखनऊ में हुई जिम्स की 11वीं शासी निकाय की बैठक में ये निर्णय लिए गए।
आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित करने पर जोर
बैठक में संस्थान के अगले 10 वर्षों के विकास के लिए तैयार विजन प्लान को स्वीकृति प्रदान की गई। इसे तीन चरणों में पूरा किया जाएगा।
पहले चरण में वर्ष 2028 तक तात्कालिक विकास कार्य, दूसरे चरण में वर्ष 2031 तक पंचवर्षीय रणनीतिक योजना और तीसरे चरण में वर्ष 2035 तक दीर्घकालिक विकास कार्य शामिल हैं।
इसके तहत चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ शैक्षणिक क्षमता बढ़ाने, शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित करने पर जोर रहेगा।
गंभीर मरीजों को मिलेगा विशेषज्ञ उपचार
जिम्स में पहले से स्वीकृत आठ सुपर स्पेशियलिटी विभागों के अतिरिक्त चार नए विभाग स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसमें नेफ्रोलाजी, आंको सर्जरी, ग्रेस्ट्रो सर्जरी और हेम्टोलाजी विभाग शामिल हैं।
इससे सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का दायरा बढ़ेगा और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। वहीं, आंखों के गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए कार्निया ट्रांसप्लांट सेंटर स्थापित किया जाएगा।
हीमोफीलिया से पीड़ित वयस्क मरीजों के उपचार के लिए भी विशेष केंद्र बनाया जाएगा। अस्पताल के बेसमेंट के सुदृढ़ीकरण और विकास के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। मेडिकल काॅलेज परियोजना को भी बैठक में प्रस्तुत कर आवश्यक अनुमोदन दिए गए।

एमबीबीएस की सीटें 250 करने का सुझाव
संस्थान की शैक्षणिक क्षमता बढ़ाने पर भी बैठक में चर्चा हुई। प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा वी. हेकाली झिमोमी ने जिम्स में एमबीबीएस की सीटें बढ़ाकर 250 और बीएससी नर्सिंग की सीटें 100 करने का सुझाव दिया।
इसके साथ ही नर्स प्रैक्टिशनर पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। हाॅस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन, बायोस्टैटिस्टिक्स एवं हेल्थ इंफार्मेटिक्स, डिजिटल हेल्थ एवं टेलीमेडिसिन और आईआरएफ जैसे नए शैक्षणिक विभागों के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।
स्टार्टअप और चिकित्सा अनुसंधान को मिलेगा बढ़ावा
जिम्स के सेंटर फॉर मेडिकल इनोवेशन (सीएमआई) में नवाचार और स्टार्टअप गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय नवाचार एवं स्टार्टअप नीति-2019 को अपनाने की मंजूरी दी गई।
इससे चिकित्सा क्षेत्र में नए तकनीकी प्रयोगों, अनुसंधान आधारित समाधानों और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक की शुरुआत में संस्थान के निदेशक डाॅ. (ब्रिगेडियर) राकेश के. गुप्ता ने चिकित्सा शिक्षा, मरीजों के उपचार, अनुसंधान, डिजिटल हेल्थ सेवाओं और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में संस्थान की उपलब्धियों की जानकारी दी।
उन्होंने आगामी 10 वर्षों में जिम्स को देश के अग्रणी तृतीयक एवं चतुर्थक चिकित्सा संस्थानों की श्रेणी में स्थापित करने की कार्ययोजना प्रस्तुत की।
उपलब्धि की सराहना की गई
मुख्य सचिव ने बैठक में जिम्स को राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड और राष्ट्रीय परीक्षण एवं अंशांकन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड से मान्यता मिलने की उपलब्धि की सराहना की गई। प्रदेश के अन्य सरकारी चिकित्सा संस्थानों और मेडिकल कॉलेजों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप दोनों मान्यताएं प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मौजूद रहने वाले अधिकारी
बैठक में विशेष सचिव वित्त अलका वर्मा, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नूपुर गोयल, महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा नेहा शर्मा, पीजीआईसीएच नोएडा के निदेशक डाॅ. एके सिंह, पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी, वित्त नियंत्रक सत्येंद्र सागर और डीन एकेडमिक्स डाॅ. रम्भा पाठक आदि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।