विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न्यू नोएडा पार्ट-3 की तैयारी के बीच दादरी में उठी बड़ी मांग, 20 गांवों को शामिल करने की गुहार

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:30 PM (IST)

दादरी क्षेत्र के साठा-चौरासी के 20 गांवों को न्यू नोएडा में शामिल करने की मांग उठी है, क्योंकि ये गांव ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से सटे होने के बावजूद पिछड़े हैं। 

न्यू नोएडा पार्ट-3। (फोटो- आर्काइव)

न्यू नोएडा पार्ट-3। (फोटो- आर्काइव)

HighLights

  1. साठा-चौरासी के 20 गांवों को न्यू नोएडा में शामिल करने की मांग।

  2. ये गांव ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से सटे, फिर भी पिछड़े हैं।

  3. बागपत विस्तार पर सवाल, स्थानीय गांवों को प्राथमिकता देने की अपील।

जागरण संवाददाता, दादरी। नोएडा प्राधिकरण द्वारा बागपत-खेकड़ा तक न्यू नोएडा पार्ट-3 बसाने की तैयारी के बीच दादरी क्षेत्र के लोगों ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

जब बागपत तक विस्तार हो सकता है, तो दादरी के एनटीपीसी श्रेत्र से सटे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के सहारे बसे साठा-चौरासी के करीब 20 गांवों को न्यू नोएडा से बाहर क्यों रखा गया? इन गांवों को भी न्यू नोएडा में शामिल करने की मांग तेज हो गई है।

न्यू नोएडा में शामिल हों सभी गांव

आर्य प्रतिनिधि सभा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. आनंद आर्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर मांग की है कि दादरी एनटीपीसी क्षेत्र के समस्त गांवों को न्यू नोएडा में शामिल किया जाए। डॉ. आर्य ने पत्र में कहा है कि जनपद गौतमबुद्धनगर में दादरी के 20 गांव और बुलंदशहर के 60 गांव, कुल 80 गांवों को लेकर न्यू नोएडा का सृजन किया गया है, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

न्यू नोएडा की परिकल्पना से उत्साहित होकर अब नोएडा प्राधिकरण ने इसी तर्ज पर न्यू नोएडा पार्ट-3 के तहत बागपत-खेकड़ा इलाके को शामिल करने की योजना बनाई है और सर्वेक्षण प्रगति पर है।

ऐसे में जरूरी है कि जनपद में सृजित न्यू नोएडा में इससे सटे दादरी एनटीपीसी क्षेत्र के करीब 20 गांव, जो बेहद पिछड़े हैं और किसी भी प्राधिकरण का अंग नहीं हैं, उन्हें जनहित में शामिल किया जाए।

इन गांवों को शामिल करने की मांग

मांग में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के सहारे बसे और साठा-चौरासी क्षेत्र के गांव बिसाहड़ा, प्यावली, आकलपुर, बम्बावड,महावड, दुजाना,कल्दा,छिडौली,ढोकलपुरा, सीदीपुर, चौना, ततारपुर, ऊंचा अमीरपुर, खंगोड़ा, सिलारपुर, दादूपुर, पटाड़ी,गुलावठी खुर्द ,जारचा,आदि को शामिल करने की बात कही गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि ये गांव न्यू नोएडा से सटे होने के बावजूद आज तक किसी प्राधिकरण में शामिल नहीं हुए, जिससे यहां सुनियोजित विकास नहीं हो पाया। सड़क, सीवर, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं में ये गांव पिछड़े रह गए, जबकि बगल में ही प्राधिकरण क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है।

प्राधिकरण की योजना क्या है?

नोएडा प्राधिकरण दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के किनारे खेकड़ा-बागपत में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए सर्वेक्षण करा रहा है। सर्वेक्षण रिपोर्ट के बाद विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। प्राधिकरण का मानना है कि यह इलाका दिल्ली के नजदीक और एक्सप्रेसवे से सटा होने के कारण विकास की अधिक संभावना रखता है।

वहीं न्यू नोएडा (दादरी-नोएडा-गाजियाबाद विशेष निवेश क्षेत्र) का मास्टर प्लान 2041 शासन से पास हो चुका है। इसे 21 हजार हेक्टेयर में बसाया जाएगा, जिसमें 8811 हेक्टेयर उद्योग के लिए होगा। शहर की आबादी करीब 6 लाख होने का अनुमान है।

ग्रामीणों की दलील - विकास का लाभ सबको मिले

डॉ. आनंद आर्य ने कहा कि जब प्राधिकरण नए क्षेत्रों में विस्तार कर रहा है, तो सबसे पहले अपने जिले के पिछड़े और सटे हुए गांवों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इन गांवों के शामिल होने से अवैध निर्माण रुकेगा, सुनियोजित विकास होगा और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

यह भी पढ़ें- 'न्यू नोएडा' का मास्टर प्लान तैयार, 20 हजार हेक्टेयर में विस्तार; 6 लाख युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

यह भी पढ़ें- 4 फेज में 209 वर्ग KM में बसेगा 'न्यू नोएडा', किसानों को मिलेगा ₹4300 वर्गमीटर तक मुआवजा; क्या है पूरा प्लान?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।