कंज्यूमर को मिले 2 और उसके नाम पर डिलीवर किए 13 सिलिंडर, ग्रेटर नोएडा की गैस एजेंसी पर कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज
ग्रेटर नोएडा में महालक्ष्मी एचपी गैस सर्विस के मालिक और कर्मियों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज की ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। कोर्ट के आदेश पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने महालक्ष्मी एचपी गैस सर्विस के मालिक, कर्मियों व कुछ अज्ञात के खिलाफ गैस सिलिंडर की कालाबाजारी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़ित उपभोक्ता ने सुनवाई नहीं होने पर कोर्ट की शरण ली थी। आरोप है कि उपभोक्ता के कनेक्शन नंबर पर पिछले कुछ साल में गैस सर्विस की मालिक व कर्मियों ने जालसाजी कर 13 सिलिंडर की बुकिंग दर्ज कर कालाबाजारी की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
बिना जानकारी बुक करते रहे सिलिंडर
ईटा वन के डी-198 निवासी रूपचंद शर्मा गामा वन स्थित महालक्ष्मी एचपी गैस सर्विस के उपभोक्ता हैं। उनका कनेक्शन नंबर 624124 है। आरोप है कि वर्ष 2023 से अभी तक कनेक्शन में दर्ज अपने मोबाइल फोन नंबर से महज दो गैस सिलिंडर बुक किए हैं, जिनकी उनको डिलीवरी मिली है। जबकि उनके कनेक्शन पर 15 गैस सिलिंडर की बुकिंग की गई है। उन्होंने गैस एजेंसी के मालिक और कर्मचारियाें पर उनके सिलिंडरों की कालाबाजारी करने का आरोप लगाया है।
घर पर पहुंचे मात्र दो सिलिंडर
पीड़ित का दावा है कि उसने पहले सिलिंडर की बुकिंग 23 अगस्त 2023 और दूसरे की 19 जून 2024 को ही बुकिंग कराई थी। इन्हीं दो सिलिंडर की उसके घर तक डिलीवरी पहुंची है। बाकी के 13 सिलिंडरों को एजेंसी मालिक व कर्मचारियों ने कालाबाजारी कर बेच दिया। इसकी उसने जिलाधिकारी से शिकायत की थी। आरोप है कि 17 दिसंबर 2024 को प्रकरण में सुनवाई के लिए उसे जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय बुलाया गया था। वह पहुंचा तो बाहर खड़े आरोपित अभय कुमार, विजय कुमार और कार्तिका समेत कुछ अज्ञात ने उसके साथ गाली गलौज कर मारपीट की थी।
शिकायत करने पर निकाल लिए हथियार
पीड़ित का यह भी आरोप है कि उक्त लोग उसे खींच कर बाहर ले गए और गाड़ियों में रखे असलहा दिखाते हुए शिकायत करने पर जानमाल की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कोर्ट के आदेश पर महालक्ष्मी एचपी गैस सर्विस के कर्मी अभय सिंह, विजय कुमार और मालिक कार्तिका चौहान व तीन अज्ञात के खिलाफ गैस सिलिंडर की कालाबाजारी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं गैस एजेंसी के मालिक का पक्ष जानने के लिए मोबाइल नंबर पर संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन काॅल रिसीव नहीं की गई।
पीड़ित ने बताया कब-कब दर्ज है सिलिंडरों की बुकिंग
- 31 जुलाई 2024
- 19 जून 2024
- 10 अप्रैल 2024
- 30 मार्च 2024
- 28 फरवरी 2024
- 25 जनवरी 2024
- 23 नवंबर 2023
- 19 अक्टूबर 2023
- 18 सितंबर 2023
- 23 अगस्त 2023
- 29 जून 2023
- 14 जून 2023
- तीन मई 2023
- 11 अप्रैल 2023
यह भी पढ़ें- बिना बुकिंग गैस सिलिंडर न देने पर कर्मचारियों से मारपीट, लाठी-डंडों से किया हमला
