बढ़ रही गैस की किल्लत, होटल व ठेलों में घरेलू सिलिंडर की सप्लाई जारी; प्रशासन की निगरानी फेल
रायबरेली में वाणिज्यिक सिलेंडरों पर प्रतिबंध के बावजूद होटल और ठेले घरेलू व उज्ज्वला सिलेंडरों का धड़ल्ले से उपयोग कर ...और पढ़ें

HighLights
वाणिज्यिक प्रतिबंध के बावजूद होटल-ठेले घरेलू सिलेंडर उपयोग कर रहे।
घरेलू उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति में भारी किल्लत का सामना।
प्रशासन की 28 अधिकारी टीमें कालाबाजारी रोकने में विफल।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। प्रशासन द्वारा सभी कामर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। इसके बावजूद करीब सभी होटल व ठेले पूर्ववत संचालित हैं। जबकि ऐसा भी नही कि अधिक मांग पर कोयला, लकड़ी और भट्टी के दाम बढ़ा दिए गए हों।
अब सवाल यह उठता है कि आखिर होटल, ढाबों व ठेलों में कामर्शियल सिलेंडर की सप्लाई कहां से हो रही है? जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी कई दिनों तक सिलिंडर नही मिल पा रहा है। वहीं नवरात्र में सिलिंडर ने मिलने व्रतियों को और दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। जिले के 28 व एजेंसी पर तैनात 16 अधिकारी भी कालाबाजारी नही रोक पा रहे हैं।
शहर के रतापुर चौराहा, कहारों का अड्डा, पुलिस लाइन, घंटाघर, कैपरगंज, बस स्टाप, अस्पताल चौराहा, सिविल लाइन, सुपर मार्केट व डिग्री कालेज चौराहा पर अधिकतर खान-पान की दुकानों में घरेलू सिलिंडर का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है। कई जगह तो उज्ज्वला सिलिंडर भी उपयोग में लाए जा रहे हैं।
टिकरा बाजार में चाट का ठेला लगाने वाले ने बताया कि 1500 रुपये का उज्ज्वला सिलिंडर लिया है। कई जगह दिखाने के लिए कामर्शियल सिलिंडर भी उपयोग में लाए जा रहे हैं। होटल के एक कर्मचारी ने बताया कि घरेलू से कामर्शियल सिलिंडर में रिफिल किया जा रहा है।
यह हाल तब है है जब कि जिले में सिलेंडर के त्राहि-त्राहि है। लोग सुबह से ही लाइन लगाने के लिए मजबूर हैं। इसके बाद भी सिलेंडर नही मिल पा रहा है। जबकि समय पर सप्लाई व कालाबाजारी रोकने के लिए छह एसडीएम के नेतृत्व में 28 अधिकारियों की टीम तैनात की गई है।
वहीं, इसके अतिरिक्त 56 गैस एजेंसियों पर 16 अधिकारी तैनात किए गए हैं। गैस एजेंसी के बाहर खड़े राहुल ने बताया कि उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नही दिया जा रहा है, जबकि होटलों में घरेलू सिलिंडर इस्तेमाल हो रहा है।
टीमों को जांच के लिए लगाया गया है। होटल पर घरेलू सिलिंडर का इस्तेमाल करने पर संचालक पर मुकदमा दर्ज करने के लिए भी कहा गया है। इस अभियान को तेज किया जाएगा।-उबैदुर्रहमान, जिला पूर्ति अधिकारी
