विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

130 मीटर रोड से सिरसा ट्रकर्स प्वाइंट तक बनेंगे EV चार्जिंग स्टेशन, ग्रेटर नोएडा में 39 को मिली मंजूर

Published: Sun, 04 Oct 2026 08:57 PM (IST)

प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत ग्रेटर नोएडा में 39 नए इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों को मंजूरी मिली है, जिससे ईस्ट और वेस्ट दोनों क्षेत्रों में ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत 39 नए स्टेशन स्वीकृत।

  2. ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट में चार्जिंग सुविधा बढ़ेगी।

  3. ई-बसों और निजी वाहनों को चार्जिंग में आसानी होगी।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग की सुविधा जल्द बढ़ने वाली है। प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत प्रदेश सरकार ने जिले में 39 नए चार्जिंग स्टेशन को मंजूरी दी है।

इसमें 130 मीटर चौड़ी सड़क और सिरसा ट्रकर्स प्वाइंट जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं।

वर्तमान में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में पांच से अधिक स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन चालू हैं। कासना बस डिपो में स्थित स्टेशन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। यहां 7 मशीनें लगाई गई हैं, जहां एक साथ 14 ई-बसें चार्ज हो सकती हैं।

इसके अलावा सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क और नालेज पार्क में इंडिया एक्सपो मार्ट के पास दो स्टेशन पिछले एक साल से संचालित हो रहे हैं। शहर में 25 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं और चरणबद्ध तरीके से इनकी संख्या बढ़ाने की योजना है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के 7 बस डिपो में बनेंगे ई-बस चार्जिंग स्टेशन, सरकार ने मंजूर किए 300.61 करोड़ रुपये

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सिरसा इंटरचेंज के पास बने ट्रकर्स प्वाइंट पर चार्जिंग स्टेशन लगाने की तैयारी है। इलेक्ट्रिक भारी वाहनों की संख्या बढ़ने को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इसका लाभ आसपास के सेक्टरों और गांवों के ईवी उपयोगकर्ताओं को भी मिलेगा।

ग्रेनो वेस्ट में बनेंगे 10 स्टेशन 

योजना के तहत ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 10 चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। प्राधिकरण के अर्बन सर्विसेज विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। प्रत्येक स्टेशन पर दो या अधिक चार्जिंग प्वाइंट होंगे। अभी तक ग्रेनो वेस्ट में प्राधिकरण की ओर से यह सुविधा नहीं है, हालांकि एनपीसीएल ने 6 से अधिक सोसायटियों में स्टेशन लगाए हैं।

प्राधिकरण 130 मीटर रोड, सूरजपुर-कासना मार्ग और नालेज पार्क में नए स्थानों को चिह्नित कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होने से ई-बसों और निजी ई-वाहनों को चार्ज करने में आ रही दिक्कत दूर होगी।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज के लीडर रोड डिपो में इलेक्ट्रिक बसों का चार्जिंग स्टेशन तैयार, बिजली कनेक्शन मिलते ही दौड़ेंगी बसें