ग्रेटर नोएडा: 8 करोड़ के निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार से बढ़ी मुश्किलें, खुले गड्ढों से हादसों का खतरा
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 में सड़क और नाले के विकास कार्यों में देरी से उद्यमी परेशान हैं। धूल, जलभराव और अधूरे गड्ढों से मशीनों व उत्पादों को नुकसान हो रहा है, जिससे जल्द काम पूरा करने की मांग की गई है।
-1795406441057_m.webp)
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण। (एआई से एडिट कराई गई तस्वीर)
HighLights
ईकोटेक-3 में सड़क व नाले के काम में देरी।
धूल, जलभराव से उद्यमियों को भारी परेशानी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने जल्द काम पूरा करने का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। सेक्टर ईकोटेक-3 में करीब छह माह से चल रहे विकास कार्यों को गति देने की तैयारी है। करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से सड़क और नाले का निर्माण कराया जा रहा है। हालांकि, काम में देरी और अधूरी सड़कों से उद्यमियों को धूल, जलभराव और खुले गड्ढों की परेशानी हो रही है।
उद्यमियों का कहना है कि धूल से मशीनों और तैयार उत्पादों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है। उद्यमियों के मुताबिक, सड़क पर पड़े पत्थरों के आसपास बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड नहीं होने से रात में हादसे का खतरा बना रहता है। ड्रेन के लिए खोदे गए गड्ढे भी अधूरे हैं। उनका कहना है कि परियोजनाएं जल्द पूरी होने से औद्योगिक गतिविधियों को राहत मिलेगी।
उद्यमियों के कोट
'10 मिनट गाड़ी खड़ी करो तो धूल की मोटी परत जम जाती है। यही धूल फैक्ट्री के अंदर जाकर मशीनों को खा रही है।'
- राकेश अग्रवाल, उद्यमी।
'सड़क पर पत्थर पड़े हैं, कोई बैरिकेडिंग नहीं, कोई चेतावनी बोर्ड नहीं। हमेशा रात के अंधेरे में हादसे का खतरा बना रहता है।'
-कपिल कौशिक, उद्यमी।
'सड़कों पर धूल रोकथाम के पुख्ता इंतजाम नहीं है। धूल के कारण मशीनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।'
- आकाश चौहान, उद्यमी।
'अगले सप्ताह इकाई में स्वीडन के प्रतिनिधि यहां का दौरा करने वाले हैं। सेक्टर सड़क से उड़ती धूल नकारात्मक संदेश देगी।'
- देवेंद्र शर्मा, असिस्टेंट वाइस प्रेजिडेंट, केबी कंपोनेंट्स लिमिटेड।
प्राधिकरण का कोट
ग्रेनो प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक विजय रावल ने बताया कि रविवार को ईकोटेक-3, उद्योग केंद्र दो में सड़कों के किनारे पड़ी निर्माण सामग्री हटाकर सफाई कराई गई।
कच्चे स्थानों पर धूल रोकने के लिए पानी का छिड़काव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली और अन्य कार्य जल्द पूरे करा लिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा: बारिश और तेज हवा के चलते इकोटेक-12 में गिरा लाखों से सजा रामलीला का मंच, दर्शक लौटे निराश
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में 43 करोड़ में औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-16 में बनेंगी सड़कें, आवाजाही होगी आसान