भगवान राम का हुआ जन्म, आयोध्या में खुशी की लहर
जागरण संवाददाता, नोएडा : शहर में आयोजित रामलीला के दूसरे दिन भगवान राम के जन्म को दर्शाया गया। इसमें ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, नोएडा : शहर में आयोजित रामलीला के दूसरे दिन भगवान राम के जन्म को दर्शाया गया। इसमें अयोध्या में खुशी की लहर दौड़ जाती है। वहीं दर्शकों की ओर से जय श्री राम के जयकारे लगाए गए। वहीं कुछ रामलीला में रावण के अत्याचारों को दिखाया गया, जिससे ऋषि मुनि परेशान और भयभीत हैं।
रामजन्म के बाद अयोध्या में मनाई गई खुशी
सेक्टर 21 स्टेडियम में श्रीराम मित्र मंडल द्वारा आयोजित रामलीला के दूसरे दिन रविवार को मंचन की शुरुआत राजा दशरथ को दरबार में विचार करते दिखाया गया। इसके बाद दशरथ गुरु वशिष्ठ के पास जाते हैं। गुरु वशिष्ठ राजा दशरथ को आश्वस्त करते हैं और श्रृंगी रिषी को बुलाते हैं और पुत्रेष्ठि यज्ञ कराते हैं। यज्ञ से अग्निदेव प्रकट होकर चारूफल तीनों रानियों को देते हैं। इसके बाद भगवान राम के जन्म के बाद अयोध्या में खुशी की लहर दौड़ जाती है। बाल भगवान राम से मिलने भगवान शकर योगी का भेष बनाकर आते हैं। इसके बाद चारों भाइयों का नामकरण गुरु वशिष्ठ द्वारा किया जाता है। चारों भाइयों की शिक्षा दीक्षा होती है।
अगले दृश्य में विश्वामित्र का राजा दशरथ के दरबार में आते हैं और अपने यज्ञ की रक्षा के लिए राम और लक्ष्मण को साथ ले जाने के लिए कहते हैं। उनके समझाने पर दशरथ राम-लक्ष्मण को भेज देते हैं। रास्ते में जाते समय विश्वामित्र भगवान राम को राक्षसी ताड़का को दिखाते हैं। ताड़का विश्वामित्र व राम-लक्ष्मण पर आक्रमण करती है जिसपर भगवान राम उसका वध कर देते हैं। इसके बाद विश्वामित्र जब यज्ञ करने लगते हैं तब मारीचि धावा बोल देता है। भगवान राम उसको एक बाण से सौ योजन पार पहुंचा देते हैं। इसके बाद राक्षस सुबाहु का भी वध कर देते हैं। इसके साथ ही दूसरे दिन की लीला का समापन होता हैं। प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने बताया कि 3 अक्टूबर को अहिल्या उद्धार, पुष्प वाटिका में राम सीता का मिलन, नगर वासियों द्वारा राम लक्ष्मण का अभिनंदन आदि लीलाओं का मंचन किया जाएगा। इस मौके पर संस्थापक अध्यक्ष बीपी अग्रवाल, प्रधान संरक्षक राकेश यादव, अध्यक्ष डीपी गोयल, मीडिया प्रभारी राघवेंद्र दुबे, महासचिव मुन्ना शर्मा, मुख्य संरक्षक सूबे यादव, सपा प्रत्यासी अशोक चौहान, मनोज शर्मा, अमर शर्मा आदि मौजूद रहे।
-----------
रावण ने शुरू किया अत्याचार
बजरंग रामलीला समिति की ओर से सेक्टर 12 के आदर्श प्राइमरी स्कूल में रामलीला का आयोजन किया गया। रविवार को रावण जन्म का मंचन हुआ। उसके बाद की शिक्षा दीक्षा को दर्शाया गया। शिक्षा के बाद रावण अपने भाई बहनों के साथ तपस्या पर चला जाता है। इसके बाद रावण के अत्याचारों का मंचन किया गया। इसी बात रावंण की मुलाकात वेदवती से होती है। रावण उसकी सुंदरता से प्रभावित होकर उसे स्पर्श कर लेता है। इस पर वेदवती क्रोधित हो जाती है और श्राप देती है कि उसकी मृत्यु का कारण वही बनेगी। इस दौरान समिति के अध्यक्ष एके पांडे, देवेश राय, नीरज भटनागर, कुलदीप, विनय जोशी, राहुल पांडे, ऋषि शर्मा आदि मौजूद रहे।
----------
ताड़का वध का मंचन
महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ द्वारा सलारपुर स्थित महर्षि आश्रम में रामलीला का आयोजन हो रहा है। यहां मुनि आगमन, ताड़का वध और अहिल्या का उद्धार दिखाया गया। इस दौरान चार कलाकारों ने सांस्कृतिक नृत्य भी पेश किया गया। इस दौैरान यादवेंद्र सिंह, विनीत श्रीवास्तव, एलएस सोम, दयाशंकर गुप्ता, शिव प्रकाश शुक्ला आदि मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।