यातायात के साधनों का अभाव, लोग परेशान
संस, बिलासपुर: बिलासपुर कस्बे के निवासी इन दिनों क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था से परेशान हैं। क्षेत्र ...और पढ़ें

संस, बिलासपुर: बिलासपुर कस्बे के निवासी इन दिनों क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था से परेशान हैं। क्षेत्र में यातायात के साधनों का अभाव है। लोग निरंतर क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं लेकिन लोगों की इस मांग को नजरअंदाज किया जा रहा है। क्षेत्र में लोग आज भी आटो के सहारे सफ र करते हैं क्योंकि यहां सरकारी व निजी बसों की संख्या काफी कम है। लोगों को उम्मीद थी कि नोएडा से दनकौर की तरफ जाने वाली बस के रूट पर बिलासपुर व आसपास के गांवों से जोड़ा जाएगा लेकिन उसे यमुना एक्सप्रेस वे के बराबर से दनकौर की तरफ से जोड़ा गया है। इससे बिलासपुर और आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों में रोष व्याप्त है।
प्रवीण भारतीय का कहना है कि एक ही जिले में सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को बने करीब बीस वर्ष हो गए हैं। क्षेत्र के निवासी लगातार डीटीसी बस चलाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी क्योंकि बिलासपुर और आसपास के गांवों को बस सेवा की ज्यादा जरूरत है।
मनवीर भाटी का कहना है कि हमारे क्षेत्र के साथ भेदभावपूर्ण नीति अपनाई जा रही है। इस क्षेत्र के लोगों को नोएडा जाने के लिए पहले बिलासपुर से खेरली नहर जाना पड़ता है, उसके बाद कासना से नोएडा जाते हैं। बसों की कमी के कारण लोग आटो से सफर करते हैं। आटो चालक यात्रियों से मनमानी करते हैं।
बिलासपुर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शरीफ़ सैफी का कहना है कि क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था बहुत खराब है। बिलासपुर सिकंद्राबाद और बिलासपुर नोएडा मार्ग पर यातायात के साधनों की कमी है। इन मार्गों पर कोई सरकारी बस नहीं चलती। नोएडा के लिए तो बस हैं ही नहीं, सिकंद्राबाद जाने के लिए भी बहुत देर तक इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सपा का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिलकर परिवहन व्यवस्था सुधारने की मांग करेगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।