कैप्टन स्मित मच्छार के स्वास्थ्य लाभ के लिए शुकतीर्थ में हुई विशेष गंगा आरती
फ्लाईदुबई की उड़ान के 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के जज्बे को मुजफ्फरनगर के ...और पढ़ें

HighLights
मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ में उनके लिए विशेष गंगा आरती आयोजित हुई।
कैप्टन स्मित मच्छार के जज्बे को पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ में नमन किया गया।
संवाद सूत्र, भोपा (मुजफ्फरनगर)। संकट की घड़ी में अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए फ्लाई दुबई की उड़ान के 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के जज्बे को पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ में नमन किया गया।
रविवार शाम मोक्षदायिनी मां गंगा के मुख्य घाट पर विशेष गंगा आरती का आयोजन किया गया। पंडित अंकित शुक्ला, विशाल, नारायण ने गंगा आरती में कैप्टन स्मित के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु की कामना की गई।
इस दौरान घाट पर पूरा वातावरण ''गंगा मैया की जय'' और कैप्टन के जयघोष से गूंज उठा। कनक भवन के आचार्य अंकज भारद्वाज ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में कैप्टन स्मित ने जिस धैर्य, सूझबूझ और कर्तव्य परायणता का परिचय दिया, वह पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखकर सैकड़ों परिवारों को उजड़ने से बचा लिया।
मेरठ से आए श्रद्धालु प्रवीण कुमार ने कहा कि संकट के समय यात्रियों की सुरक्षा को पहली प्राथमिकता देना ही सच्चे पायलट की पहचान है। कैप्टन का यह कार्य देश के लिए गौरव की बात है। श्री गंगा सेवा समिति के महामंत्री महकार सिंह ने कहा कि ऐसे साहसी लोगों का सम्मान समाज में सेवा और कर्तव्य के प्रति समर्पण का संदेश देता है। शुकतीर्थ की इस पावन धरा से गंगा आरती के माध्यम से उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई है।
