आजादी के बाद 7वीं बार होगी सर्व खाप पंचायत, नवंबर में सोरम गांव में जुटेगा पूरा समाज; होंगे बड़े निर्णय
मुजफ्फरनगर के सोरम गांव में आजादी के बाद सातवीं सर्व खाप पंचायत का आयोजन होगा। इस पंचायत में समाज में फैली कुरीतियों नशाखोरी दहेज प्रथा जैसे मुद्दों पर विचार किया जाएगा। खाप चौधरी नरेश टिकैत ने बताया कि पंचायत में सभी दलों जातियों और धर्मों के लोगों को आमंत्रित किया गया है। यह आयोजन 16 से 18 नवंबर के बीच होगा जो भविष्य में मार्गदर्शन करेगा।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। आजादी के बाद सातवीं बार सर्व खाप की पंचायत होने जा रही है। इसका आयोजन नवंबर में ऐतिहासिक गांव सोरम में होगा। खाप चौधरी और जिम्मेदार लोगों ने आयोजन की रूपरेखा अभी से तैयार कर ली है।
पंचायत में सर्व समाज के लोग जुटेंगे और समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने से लेकर वर्तमान समय की तमाम चुनौतियों के संबंध में अहम निर्णय लिए जाएंगे। मंगलवार को सोरम स्थित वैदिक कन्या इंटर कालेज में इसी सिलसिले में बैठक हुई।
इसमें सर्व खाप पंचायत मंत्री सुभाष बालियान ने बताया कि 16 से 18 नवंबर के बीच सर्व खाप पंचायत होगी। इसमें देश के सभी दलों, सभी जाति, सभी धर्म के लोग आमंत्रित किए जाएंगे तथा सभी जातियों व खापों के चौधरियों को निमंत्रण भेजा जाएगा।
यह पंचायत समाज के सभी वर्गों जैसे व्यापारी, नौकरीपेशा, किसान, मजदूर, जवान आदि का सहयोग लेकर आयोजित की जाएगी। बालियान खाप चौधरी व भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि सर्व खाप पंचायत में समाज में फैली कुरीतियों, नशाखोरी, दहेज प्रथा, आपसी विवादों, कन्या भ्रूण हत्या व गांवों में खाप पंचायत व अन्य मुद्दों पर मुहर लगेगी।
उन्होंने बताया कि आजादी के बाद 1950 में सोरम में पहली पंचायत हुई थी। आगामी सर्व खाप पंचायत भी ऐतिहासिक होगी जो इतिहास के पन्नों में दर्ज होकर आने वाली पीढ़ी का मार्गदर्शन करेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।