कैसा है शुकदेव आश्रम का नया भागवत कथा भवन, जिसका संघ प्रमुख मोहन भागवत करेंगे लोकार्पण
संघ प्रमुख मोहन भागवत मुजफ्फरनगर के शुकदेव आश्रम में 2000 क्षमता वाले नए वातानुकूलित भागवत कथा भवन का लोकार्पण करेंगे। वे वेदव्यास मंदिर और स्वामी कल्याणदेव अभिनंदन ग्रंथ के द्वितीय संस्करण का भी विमोचन करेंगे, जिसकी तैयारी पूरी हो चुकी है।

शुकतीर्थ स्थित शुकदेव आश्रम में भगवान वेदव्यास मंदिर में पत्थर लगाते हुए। जागरण
HighLights
संघ प्रमुख मोहन भागवत करेंगे नए कथा भवन का लोकार्पण।
दो हजार श्रद्धालु क्षमता का वातानुकूलित होगा यह भवन।
वेदव्यास मंदिर और अभिनंदन ग्रंथ का भी होगा विमोचन।
जागरण संवाददाता, मोरना, मुजफ्फरनगर। संघ प्रमुख मोहन भागवत सोमवार को जिस निर्माणाधीन भागवत कथा भवन के शिलापट का लोकार्पण करेंगे वह दो हजार श्रद्धालु क्षमता का और पूर्ण रूप से वातानुकूलित होगा। शुकदेव आश्रम परिसर में पहले से आठ भागवत कथा भवन हैं। यह नौवां भवन होगा जिसकी आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। पर्यटन विभाग की ओर से इसका निर्माण कराया जा रहा है।
शुकदेव आश्रम में आठ भागवत कथा भवन पहले से, यह नौवां होगा
वहीं, वटवृक्ष के नीचे जहां प्रसाद प्रतिष्ठान था उसके स्थान पर भगवान वेदव्यास का मंदिर बनाया गया है। इसमें वेदव्यास की संगमरमर की मूर्ति प्रतिष्ठापित की गई है। दो माह में तैयार हुए मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हो चुकी है। इसका लोकार्पण भी संघ प्रमुख करेंगे।
656 पृष्ठों का है अभिनंदन ग्रंथ का द्वितीय संस्करण
सरसंघचालक स्वामी कल्याणदेव अभिनंदन ग्रंथ के द्वितीय संस्करण का लोकार्पण करेंगे। इसके प्रथम संस्करण का लोकार्पण पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने वर्ष 2002 में किया था। द्वितीय संस्करण में कई नए अध्याय जुड़े हैं। भागवत पीठ श्री शुकदेव आश्रम स्वामी कल्याणदेव सेवा ट्रस्ट इसका प्रकाशक है। इसमें स्वामी कल्याणदेव से जुड़े संस्मरण, स्मृतियों और चित्रों का संकलन है। इसके संरक्षक-संपादक स्वामी ओमानंद हैं।