विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शुकतीर्थ में आज आएंगे संघ प्रमुख मोहन भागवत, राष्ट्रचेतना को देंगे नई ऊर्जा; मुजफ्फरनगर में कड़ी सुरक्षा

Published: Sun, 22 Nov 2026 09:34 AM (GMT+05:30)

संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत आज पहली बार शुकतीर्थ पहुंचेंगे, जहां वे धार्मिक आस्था के साथ राष्ट्रचिंतन और सामाजिक जागरूकता की गतिविधियों को बढ़ावा देंगे। 

संघ प्रमुख डॉक्टर मोहन भागवत।

संघ प्रमुख डॉक्टर मोहन भागवत।

HighLights

  1. संघ प्रमुख मोहन भागवत का शुकतीर्थ में पहला आगमन।

  2. राष्ट्रचिंतन, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक चेतना पर जोर।

  3. यज्ञ, मंदिर लोकार्पण, शिलान्यास और संवाद कार्यक्रम शामिल।

संवाद सूत्र, मोरना (मुजफ्फरनगर)। भागवत की उद्गम स्थली शुकतीर्थ में धार्मिक आस्था के साथ राष्ट्रचिंतन और सामाजिक जागरूकता की गतिविधियां भी लगातार विस्तार ले रही हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उससे जुड़े संगठनों के चिंतन शिविर, बैठकें, प्रशिक्षण वर्ग तथा सामाजिक कार्यक्रमों के जरिए राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और नागरिक दायित्वों के विचार को गति मिल रही है। इसी क्रम में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत रविवार को पहली बार तीर्थ नगरी पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं में उत्साह है।
शुकतीर्थ में संघ की वैचारिक गतिविधियों का सिलसिला पुराना है। वर्ष 2022 में शिव धाम में प्रांतीय चिंतन शिविर आयोजित हुआ था। दंडी आश्रम और श्रीराम आश्रम भी संघ से जुड़े संगठनों की बैठकों, चिंतन और प्रशिक्षण वर्गों के केंद्र रहे हैं।

इन कार्यक्रमों में राष्ट्रहित, भारतीय परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और समाज के प्रति कर्तव्यबोध पर मंथन होता रहा है। श्रीराम आश्रम में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, मेरठ प्रांत का दो दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग भी आयोजित हो चुका है।

राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को मिल रही धार

संघ की इन गतिविधियों के बीच डॉ. मोहन भागवत का पहली बार शुकतीर्थ आगमन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संतों की तपस्थली, गंगा की पावन धारा और महर्षि शुकदेव की आध्यात्मिक विरासत से जुड़ी इस नगरी में उनका प्रवास धार्मिक आस्था के साथ राष्ट्र, समाज और संस्कृति के प्रति समर्पण के संदेश को नई ऊर्जा देगा। उनके आगमन से शुकतीर्थ की पहचान आध्यात्मिक केंद्र के साथ राष्ट्रचिंतन और सांस्कृतिक चेतना की भूमि के रूप में भी और मजबूत होने की उम्मीद है।

यह रहेगा कार्यक्रम

  • उत्तराखंड के तीन दिवसीय प्रवास के बाद संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत रविवार शाम छह बजे रुड़की से शुकतीर्थ स्थित भागवत पीठ पहुंचेंगे।
  • यहां सबसे पहले शुकतीर्थ के जीर्णोद्धारक वीतराग स्वामी कल्याणदेव महाराज के समाधि मंदिर में पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज के साथ शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
  • शुकदेव आश्रम में रात्रि विश्राम करेंगे।
  • सोमवार सुबह 9:15 बजे राष्ट्र के कल्याण, सुख और समृद्धि की कामना के साथ प्राचीन यज्ञशाला में आयोजित यज्ञ में आहुति देंगे।
  • इसके बाद वेद व्यास मंदिर का लोकार्पण और भागवत कथा भवन का शिलान्यास करेंगे।
  • प्राचीन अक्षय वटवृक्ष की परिक्रमा के बाद शुकदेव मंदिर और सप्तऋषि भगवान श्रीकृष्ण मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन करेंगे।
  • डोंगरे कथा भवन में शिक्षाविदों, विद्यार्थियों, संतों, श्रद्धालुओं और ट्रस्टियों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद गुरु गद्दी भवन में संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है।

आश्रम परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

संघ प्रमुख के आगमन को लेकर आश्रम परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल से करीब 300 मीटर दूर वाहनों की पार्किंग बनाई गई है। आश्रम परिसर में उनका आवागमन विशेष कमांडो के सुरक्षा घेरे में रहेगा। स्वामी कल्याणदेव महाराज के समाधि स्थल को सुगंधित फूलों से सजाया गया है। रविवार को उनके आगमन के बाद आश्रम का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। सोमवार को प्रस्थान तक दोनों प्रवेश द्वार बंद रहेंगे। बिना पास किसी को आश्रम में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

यह भी पढ़ें- यूपी में आज आकाश आनंद की जनसभा: बसपा का वोट बैंक मजबूत करने की चुनौती, एत्मादपुर से प्रत्याशी का एलान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।