यूपी में आज आकाश आनंद की जनसभा: बसपा का वोट बैंक मजबूत करने की चुनौती, एत्मादपुर से प्रत्याशी का एलान
बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद एत्मादपुर में जनसभा करेंगे, जिसका उद्देश्य पारंपरिक दलित वोट बैंक को मजबूत करना और सपा के पीडीए व एआईएमआईएम-आजाद समाज पार्टी गठबंधन से मिल रही चुनौती का सामना करना है। इस जनसभा में एत्मादपुर विधानसभा सीट से सर्वेश बघेल को बसपा का प्रत्याशी घोषित किया जाएगा।

आकाश आनंंद। फाइल
HighLights
आकाश आनंद एत्मादपुर में बसपा की जनसभा करेंगे।
दलित वोट बैंक को एकजुट करने का प्रयास होगा।
सर्वेश बघेल एत्मादपुर से बसपा प्रत्याशी घोषित होंगे।
जागरण संवाददाता, आगरा। (बहुजन समाज पार्टी) बसपा के पारंपरिक दलित वोट बैंक में हिस्सेदारी में जुटे राजनीतिक दलों के बीच राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद रविवार को एत्मादपुर में जनसभा करेंगे। मूल वोट बैंक को छिटके नहीं, इसके लिए पूर्व की बसपा सरकार में किए गए कार्यों को जमदार तरीके से सामने रखेंगे। मगर, जिस तरह से एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन से बने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (एसपीएम) और सपा पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक (पीडीए) में दलितों की भागेदारी बढ़ा रहे हैं, बसपा के लिए बड़ी चुनौती है।
दलिताें के गढ़ में राष्ट्रीय संयोजक की जनसभा में भीड़ जुटाने के लिए शनिवार को पदाधिकारी तैयारी में जुटे रहे। जनसभा में विधानसभा चुनाव के लिए एत्मादपुर से सर्वेश बघेल को बसपा का प्रत्याशी घोषित किया जाएगा।
एत्मादपुर से सर्वेश बघेल को प्रत्याशी घोषित करेंगे राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद
एत्मादपुर चौराहे पर माडल स्कूल मैदान में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद जनसभा करेंगे, इसमें एत्मादपुर विधानसभा के कार्यकर्ता शामिल होंगे। विधानसभा चुनाव के लिए होने जा रहे जनसभा में कार्यकर्ताओं, उसमें भी युवा दलिताें की भीड़ जुटाने में पदाधिकारी लगे हुए हैं। एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन से युवा दलित और मुस्लिम वोट बसपा से छिटक सकते हैं, सपा ने भी जीआईसी मैदान में दलित महासम्मेलन कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जीत के समीकरण बनाने के लिए दलितों को संगठन से जोड़ने का काम शुरू कर दिया है।
दरकते दलित वोट बैंक को संभाले रखने की चुनौती
ऐसे में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की जनसभा पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, जनसभा में भीड़ से लेकर युवाओं की भागेदारी और विधानसभा चुनाव के लिए बसपा किस तरह लोगों के बीच जाएगी इसे लेकर उत्सुकता भी है। युवा उनके आक्रामक तेवर देखना चाहते हैं लेकिन पिछले कुछ महीने में जिस तरह से उन्हें लेकर पार्टी में घटनाक्रम हुए उसके बाद से तेवर नरम हुए हैं।
बसपा के जिलाध्यक्ष मनीष कमल ने बताया कि जनसभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे। एत्मादपुर से बसपा प्रत्याशी सर्वेश बघेल की घोषणा की जाएगी।
जनसभा स्थल की 10 हजार की क्षमता
माडल स्कूल के मैदान की 10 हजार लोगों के बैठने की क्षमता है। मैदान में बड़ा टेंट लगाया गया है, जनसभा स्थल तक एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र से लोगों को लाने के लिए कार और बसों का भी इंतजाम किया गया है। सुबह 10 बजे से कार्यकर्ता जनसभा स्थल पर पहुंचने लगेंगे, दोपहर 12 बजे के बाद राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद आएंगे।
आकाश आनंद की यह तीसरी जनसभा
बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने लोकसभा चुनाव 2019 में कोठी मीना बाजार में पहली जनसभा की थी, बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती पर 48 घंटे के लिए चुनाव प्रचार पर रोक लगने पर वे गठबंधन के प्रत्याशी के लिए जनसभा में शामिल हुए थे। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में चक्कीपाट में जनसभा की थी। यह उनकी तीसरी जनसभा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।