आगरा के एत्मादपुर में आकाश आनंद की जनसभा, चुनाव से पहले बसपाइयों में भरेंगे जोश
बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद 22 नवंबर को आगरा के एत्मादपुर में जनसभा करेंगे। यह जनसभा यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बसपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने और युवाओं को जुटाने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

आकाश आनंद।
HighLights
आकाश आनंद 22 नवंबर को एत्मादपुर में जनसभा करेंगे।
आगरा में युवाओं को जुटाने की तैयारी में बसपा।
जागरण संवाददाता, आगरा। एत्मादपुर में 22 नवंबर को बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद जनसभा करेंगे। इसे लेकर शुक्रवार को बसपा कार्यकर्ता तैयारी में जुटे रहे। माॅडल स्कूल, एत्मादपुर में जनसभा के लिए पंडाल तैयार कराया गया है। एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवाओं की भीड़ जुटाने के लिए बसपा कार्यकर्ता तैयारी में जुटे हुए हैं।
बसपा के जिलाध्यक्ष विमल वर्मा ने बताया कि बूथ और सेक्टर स्तर पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं। यूपी में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ये चुनावी सभा अहम मानी जा रही है। आगरा वैसे भी दलितों की राजधानी कही जाती है। यहां से चुनावी अभियान को नई ऊर्जा मिलेगी। आकाश आनंद को सुनने की ललक लोगों में है।
बता दें इससे पहले भाजपा ने मथुरा और समाजवादी पार्टी ने भी आगरा से चुनावी बिगुल फूंक दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगरा में पिछले सप्ताह की जनसभा की थी। वहीं भाजपा ने मथुरा में दो दिन तक चुनावी तैयारियों पर मंथन दिया था। साथ ही राधे-राधे, कमल खिला दे का नारा दिया। जो इन दिनों लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है।