संघ प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम को लेकर रूट डायवर्ट, शुकतीर्थ आश्रम में कड़ी सुरक्षा; तीन दिन का ये है कार्यक्रम
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के शुकतीर्थ आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। उनका तीन दिवसीय कार्यक्रम है जिसमें श्रद्धांजलि, यज्ञ, मंदिर लोकार्पण और विभिन्न संवाद शामिल हैं।

फाइल।
HighLights
मोहन भागवत के शुकतीर्थ आगमन पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था।
यातायात व्यवस्था में बदलाव, रूट डायवर्जन लागू किया गया।
तीन दिवसीय कार्यक्रम में यज्ञ, लोकार्पण और संवाद शामिल।
संवाद सूत्र, मोरना (मुजफ्फरनगर)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के शुकतीर्थ आगमन को लेकर तीर्थ नगरी सहित आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव करते हुए रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा।
सीओ भोपा राधारमण सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर 12 बजे के बाद मोरना से शुकतीर्थ जाने वाले मार्ग पर रूट डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। इसके बाद शुकतीर्थ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को बिहारगढ़ तथा फिरोजपुर मार्ग से होकर तीर्थ नगरी में प्रवेश करना होगा।
सीओ ने श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
कार्यक्रम
- उत्तराखंड के तीन दिवसीय प्रवास के बाद संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत रविवार शाम छह बजे रुड़की से शुकतीर्थ स्थित भागवत पीठ पहुंचेंगे।
- यहां सबसे पहले शुकतीर्थ के जीर्णोद्धारक वीतराग स्वामी कल्याणदेव महाराज के समाधि मंदिर में पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज के साथ शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
- शुकदेव आश्रम में रात्रि विश्राम करेंगे।
- सोमवार सुबह 9:15 बजे राष्ट्र के कल्याण, सुख और समृद्धि की कामना के साथ प्राचीन यज्ञशाला में आयोजित यज्ञ में आहुति देंगे।
- इसके बाद वेद व्यास मंदिर का लोकार्पण और भागवत कथा भवन का शिलान्यास करेंगे।
- प्राचीन अक्षय वटवृक्ष की परिक्रमा के बाद शुकदेव मंदिर और सप्तऋषि भगवान श्रीकृष्ण मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन करेंगे।
- डोंगरे कथा भवन में शिक्षाविदों, विद्यार्थियों, संतों, श्रद्धालुओं और ट्रस्टियों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद गुरु गद्दी भवन में संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है।
आश्रम परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
संघ प्रमुख के आगमन को लेकर आश्रम परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल से करीब 300 मीटर दूर वाहनों की पार्किंग बनाई गई है। आश्रम परिसर में उनका आवागमन विशेष कमांडो के सुरक्षा घेरे में रहेगा। स्वामी कल्याणदेव महाराज के समाधि स्थल को सुगंधित फूलों से सजाया गया है।
यह भी पढ़ें- शुकतीर्थ में आज आएंगे संघ प्रमुख मोहन भागवत, राष्ट्रचेतना को देंगे नई ऊर्जा; मुजफ्फरनगर में कड़ी सुरक्षा
रविवार को उनके आगमन के बाद आश्रम का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। सोमवार को प्रस्थान तक दोनों प्रवेश द्वार बंद रहेंगे। बिना पास किसी को आश्रम में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।