रोहन राठी हत्याकांड: नार्को टेस्ट से आरोपियों का इनकार, एसपी अमृत जैन बोले- पुलिस के पास पर्याप्त सबूत
मुजफ्फरनगर के पुरकाजी में रोहन राठी हत्याकांड के दोनों आरोपियों ने नार्को टेस्ट कराने से इनकार कर दिया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
रोहन राठी हत्याकांड के आरोपी नार्को टेस्ट से मुकरे।
पुलिस के पास पर्याप्त साक्ष्य, स्टेट रिपोर्ट पर कार्रवाई।
आरोपियों के इनकार से उनके अंदर का डर सामने आया।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। पुरकाजी के गांव हरेटी के प्रशासक एवं भाकियू जिला सचिव विवेक राठी के 18 वर्षीय पुत्र रोहन राठी हत्याकांड के दोनों आरोपितों ने अपना नार्को टेस्ट कराने से इनकार कर दिया। एसएसपी सूरज कुमार राय ने कहा कि स्टेट मेडिको लीगल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कार्रवाई को आगे बढ़ाएगी।
रोहन राठी की हत्या में गिरफ्तार किए आरोपित नाजिम निवासी संघीपुर लक्सर व सावेज निवासी जहीरपुर सहारनपुर को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में सोमवार को पेशी पर लाया गया था। कोर्ट में दोनों के नार्को टेस्ट कराने को लेकर सुनवाई की गई। दोनों आरोपितों ने नार्को टेस्ट कराने से इनकार कर दिया।
इस बारे में दोनों ने लिखित रूप में दिया है। कहा कि दोनों को इस मुकदमे में कतई झूठा फंसाया गया है। इसी के चलते मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने नार्को टेस्ट की अनुमति पुलिस को देने से मना कर दिया। मुकदमे के वादी की तरफ से दिए गए प्रार्थना पत्र को निरस्त कर दिया गया।
एसपी बोले- उनके अंदर का डर सामने आया
एसपी सिटी अमृत जैन ने कहा कि आरोपितों का यह टेस्ट न कराना उनके अंदर छिपे डर को सामने लाया है। एसएसपी सूरज कुमार राय ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई चल रही है। अब स्टेट मेडिको लीगल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के पास पर्याप्त साक्ष्य हैं। आरोपितों के कथन को जीडी में लिखा जाएगा।
यह था मामला
रोहन राठी 23 सितंबर को थाना भोपा क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा निवासी अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में गया था। अगले दिन सुबह जब गांव के किसान अपने खेतों पर काम करने पहुंचे तो गांव से 300 मीटर की दूरी पर एशपाल के खेत के निकट नाले में एक शव पड़ा हुआ मिला। इस मामले में कार्रवाई कर पुलिस ने 25 सितंबर को मुठभेड़ में नाजिम व सावेज को घायल हालत में पकड़ा था।
रोहन के स्वजन दोनों आरोपितों को मामले में शामिल न होना बताते हुए पुलिस की कार्रवाई पर अविश्वास जता रहे हैं। स्वजन व भाकियू कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय पर धरना भी दिया था। तब दोनों आरोपितों का नार्को टेस्ट कराने पर सहमति बनी थी और इसके बाद धरना समाप्त किया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।