वाराणसी में एयर शो के दौरान नौ वर्षीय रोहन समेत 142 लोग की गर्मी से हुई हालत खराब
वाराणसी में गंगा किनारे एयर शो के दौरान कड़ी धूप और भीड़ के कारण 142 दर्शक बीमार पड़ गए, जिनमें ...और पढ़ें

वाराणसी एयर शो में गर्मी से बिगड़ी 142 दर्शकों की तबीयत।
HighLights
एयर शो में 142 दर्शक गर्मी और भीड़ से बीमार।
निर्जलीकरण, माइग्रेन, थकावट जैसे लक्षण, प्राथमिक उपचार मिला।
चिकित्सा टीमें और ग्रीन कॉरिडोर पहले से थे मौजूद।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। जिले में गंगा किनारे चल रहे एयर शो के दौरान कड़ी धूप और भीड़ के कारण शनिवार को कई दर्शक बेहोश हो गए। राजघाट पर नौ वर्षीय रोहन गर्मी से बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत ग्रीन कारिडोर में भर्ती कराया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एनपी सिंह ने बताया कि हवाई प्रदर्शन के दौरान विभिन्न घाटों पर स्थापित चिकित्सा शिविरों में कुल 142 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
इनमें निर्जलीकरण (शरीर में पानी की कमी), माइग्रेन (आधे सिर में दर्द), गर्मी के कारण थकावट, तीव्र गैस्ट्राइटिस (पेट में जलन एवं सूजन), उल्टी, चक्कर आने तथा सर्दी-जुकाम से पीड़ित लोग शामिल थे। चिकित्सकीय टीमों ने मरीजों की स्थिति के अनुसार जांच, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर निदेशक डा. दिग्विजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
कटेसर मुगलसराय के महेश यादव चक्कर खाकर गिर पड़े। उन्हें एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। बरईपुर अदलहाट, मीरजापुर के संजय चौरसिया भी बेहोश हो गए। एंबुलेंस से एमबीएस अस्पताल पहुंचाए गए।
दो बोतल पानी चढ़ाने और आराम करने के बाद शाम पांच बजे उन्हें छुट्टी दे दी गई। रामपुर रामनगर की साफिया बेगम की भी एयर शो देखते समय तबीयत बिगड़ी। स्वजन उन्हें एलबीएस अस्पताल ले गए जहां दवा देकर छोड़ दिया गया। प्रशासन ने एयर शो स्थलों पर मेडिकल टीमें, एंबुलेंस और ग्रीन कारिडोर की व्यवस्था पहले से कर रखी थी। सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई गई है।
