पीएम सूर्य घर योजना से बिजली बिल हुआ जीरो, मुजफ्फरनगर जिले में 12 हजार से अधिक लाभार्थियों ने लिया लाभ
मुजफ्फरनगर में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 17,844 घरों पर सोलर संयंत्र लगे हैं, जो प्रतिदिन 56 मेगावाट बिजली उत्पादन कर रहे हैं।

मुजफ्फरनगर में साउथ सिविल लाइंस में घर पर लगे सोलर संयंत्र के साथ लाभार्थी। सौजन्य: नेडा अधिकारी
HighLights
मुजफ्फरनगर में 17,844 घरों पर सोलर संयंत्र सफलतापूर्वक संचालित।
योजना से प्रतिदिन 56 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है।
जिले में 12 हजार से अधिक लोगों का बिजली बिल शून्य।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। आत्मनिर्भर भारत अभियान में जनपद के नागरिक कदमताल कर रहे हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से नागरिक प्रतिदिन 56 मेगावाट बिजली का उत्पादन कर ऊर्जा निगम को दे रहे हैं।
जनपद में 17,844 घरों पर सोलर संयंत्र संचालित हैं, जिनसे प्रतिदिन 56 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। उत्साहजनक नतीजे देखते हुए शासन ने जनपद का लक्ष्य बढ़ा दिया है। अब प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 17,844 सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य है।
नौ हजार से अधिक नागरिकों ने लिया लाभ
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत जनपद में वर्ष 2024-25 में हुई थी। पहले साल नागरिकों ने अधिक उत्साह नहीं दिखाया, लेकिन वर्ष 2025-26 में 8,983 नागरिकों ने योजना का लाभ लिया। वर्ष 2026-27 में अभी तक नौ हजार से अधिक नागरिकों ने लाभ लिया है। हर माह योजना के आवेदन बढ़ रहे हैं। इससे नागरिकों का बिजली बिल कंट्रोल हुआ है। यहां तक कि जिले में 12 हजार से अधिक लोगों का शून्य बिजली बिल आ रहा है।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के नोडल अधिकारी भजन सिंह ने बताया कि वर्तमान में योजना के तहत 56 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। सोलर संयंत्र की एक मेगावाट बिजली लगभग चार हजार यूनिट के बराबर है। जनपद में 25 वेंडर नागरिकों के घरों पर सोलर पैनल लगाने के लिए अधिकृत हैं।
उन्होंने बताया कि योजना में बैंकों की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। आवेदन 27 हजार से अधिक हैं, लेकिन अभी तक लगभग 19 हजार सोलर सिस्टम ही स्थापित हुए हैं। बैंकों की ओर से पात्रों को लोन नहीं दिया जा रहा है। यदि किसी को योजना का लाभ लेना है तो वह वेंडर के अलावा विकास भवन स्थित नेडा कार्यालय में संपर्क कर सकता है।
1.08 लाख तक अनुदान दे रही सरकार
योजना के तहत दो किलोवाट संयंत्र पर 1.35 लाख रुपये का खर्च आता है, जिसमें 90 हजार रुपये का केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से अनुदान मिलता है। इसी क्रम में तीन किलोवाट पर 1.85 लाख रुपये का खर्च आता है और 1.08 लाख रुपये का अनुदान मिलता है। तीन किलोवाट से बड़े सोलर सिस्टम पर भी 1.08 लाख रुपये अनुदान है। अनुदान राशि में केंद्र और प्रदेश सरकार का योगदान 60 और 40 प्रतिशत है।
लक्ष्य बढ़ा तो फिसल गई जिले की रैंक
योजना के तहत जनपद की अभी तक रैंकिंग टाप-5 में थी, लेकिन अब प्रतिमाह 1487 संयंत्र लगाने का लक्ष्य है। जिसके चलते वित्तीय वर्ष में 17,844 संयंत्र लगाने हैं। इससे जनपद की वर्तमान रैंक गिरकर 12 पहुंच गई है। टाप-10 से बाहर होने से जनपद बी श्रेणी में चला गया है।
जिले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की स्थिति
- 27,587 नागरिकों ने किया आवेदन
- 18737 सोलर संयंत्र घरों पर स्थापित
- 17,844 सोलर संयंत्र घराें पर संचालित
- 16,332 आवेदकों को मिला अनुदान
- 27,386 सोलर के लिए वेंडर हुए चयनित
यह भी पढ़ें- पीएम सूर्य घर योजना को मिली रफ्तार, अलीगढ़ में छह महीने में साढ़े चार हजार से अधिक आवेदन स्वीकृत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।