पीएम सूर्य घर योजना को मिली रफ्तार, अलीगढ़ में छह महीने में साढ़े चार हजार से अधिक आवेदन स्वीकृत
अलीगढ़ में पीएम सूर्य घर योजना को बैंकों के ऋण से गति मिली है, जिससे छह महीने में साढ़े चार हजार से अधिक आवेदन स्वीकृत हुए हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बैंकों के ऋण से पीएम सूर्य घर योजना को मिली गति।
छह महीने में साढ़े चार हजार से अधिक आवेदन स्वीकृत।
सब्सिडी से सोलर पैनल लगाने का शुरुआती खर्च हुआ कम।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। छतों पर सोलर पैनल लगाने की मुहिम को बैंकों के ऋण से रफ्तार मिल रही है। पीएम सूर्य घर योजना के प्रति लोगों का रुझान तेजी से बढ़ा है। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक करीब 11 हजार आवेदन पहुंच चुके हैं। इनमें से लगभग साढ़े चार हजार को स्वीकृति मिल गई है।
खास बात यह है कि अभी वित्तीय वर्ष के करीब छह महीने ही बीते हैं, जबकि पिछले पूरे 2025-26 के वित्तीय वर्ष में 4468 आवेदन स्वीकृत हुए थे। इससे पहले वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले के केवल 800 घरों पर ही सोलर पैनल स्थापित हो सके थे। वर्तमान में दो से चार किलोवाट क्षमता वाले सोलर पैनल अधिक स्थापित किए जा रहे हैं।
योजना में बैंकों की ऋण सुविधा भी लोगों के लिए मददगार साबित हो रही है। हालांकि, सभी बैंकों का प्रदर्शन एक जैसा नहीं है। एचडीएफसी बैंक में महज तीन आवेदन पहुंचे और इनमें से एक को भी स्वीकृति नहीं मिली।
ऐसे में कमजोर प्रदर्शन करने वाले बैंकों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। अग्रणी जिला प्रबंधक अशोक कुमार सोनी ने बताया कि जिले में पीएम सूर्य घर योजना का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। बैंक काफी लाभ दे रही हैं।
ऐसे करें आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए नेशनल रूफटाप सोलर पोर्टल (पीएम सूर्य घर) पर आनलाइन आवेदन करना होता है। आवेदक को बिजली बिल से संबंधित जानकारी भरनी होती है। इसके बाद फिजिबिलिटी रिपोर्ट जारी होती है।
स्वीकृति मिलने पर अधिकृत इंस्टालर के माध्यम से सोलर पैनल लगवाए जा सकते हैं। इसके लिए बैंक छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर ऋण भी उपलब्ध करा रहे हैं। आवेदन के करीब तीन महीने में पैनल स्थापित हो जाते हैं।
सब्सिडी से कम हो रहा खर्च
योजना के तहत सोलर पैनल की क्षमता के अनुसार सब्सिडी दी जा रही है। एक किलोवाट के प्लांट की लागत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है, जिसमें लाभार्थी को लगभग 15 हजार रुपये खर्च करने होते हैं।
दो किलोवाट पर करीब 90 हजार रुपये और तीन किलोवाट पर 1.08 लाख रुपये तक सब्सिडी मिलती है। इससे सोलर पैनल लगवाने का शुरुआती खर्च कम हो रहा है और परिवार बिजली के खर्च में बचत की उम्मीद के साथ सौर ऊर्जा अपना रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।