विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिना चालू सोलर पैनल के नहीं वसूले जा सकेंगे 900 रुपये, चंडीगढ़वासियों को मिलेगी बड़ी राहत

Published: Thu, 29 Oct 2026 07:06 PM (IST)

चंडीगढ़ के सेक्टर 27, 28 और 29 में सरकारी मकानों के निवासियों को बिना चालू हुए सोलर पैनलों के लिए ...और पढ़ें

हर महीने करीब 900 रुपये चार्ज को बताया गलत। (सांकेतिक फोटो)

हर महीने करीब 900 रुपये चार्ज को बताया गलत। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. बिना चालू सोलर पैनलों के 900 रुपये मासिक शुल्क।

  2. प्रशासक ने राशि वापसी और समाधान का आश्वासन दिया।

  3. पूर्व महापौर ने निवासियों की समस्या उठाई।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर 27, 28 और 29 के सरकारी मकानों की छतों पर लगे सोलर पैनल चालू नहीं होने के बावजूद हर महीने करीब 900 रुपये चार्ज से जल्द राहत मिल सकती है। प्रशासक के आश्वासन के बाद ऐसी उम्मीद जगी है।

इस समस्या को लेकर पूर्व महापौर एवं वार्ड नंबर 10 की पार्षद हरप्रीत कौर बबला और भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष दविंदर सिंह बबला ने वीरवार को यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासक को ज्ञापन सौंपकर निवासियों को राहत दिलाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक को बताया कि जनवरी से सरकारी मकानों में रहने वाले लोगों के बिजली बिलों में हर महीने लगभग 900 रुपये सोलर चार्ज के रूप में जोड़े जा रहे हैं। इस तरह अब तक प्रत्येक प्रभावित उपभोक्ता से करीब 8,000 से 10,000 रुपये तक वसूले जा चुके हैं।

हैरानी की बात यह है कि संबंधित सोलर पैनलों की वायरिंग तक पूरी नहीं हुई है और उनसे बिजली का उत्पादन भी शुरू नहीं हुआ है। इसके बावजूद लोगों को लगातार चार्ज देना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने अधिकारियों को समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, प्रशासक ने भरोसा दिलाया कि निवासियों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और वसूली गई राशि वापस दिलाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।

प्रशासक ने इस मामले में यूटी प्रशासन के मुख्य इंजीनियर और संबंधित अधिकारियों के साथ विशेष बैठक भी तय की है। बैठक में बिजली बिलों में लगाए जा रहे सोलर चार्ज को हटाने, पहले वसूली गई राशि वापस करने या बिलों में समायोजित करने और अधूरे सोलर पैनल सिस्टम को जल्द चालू करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

लंबे समय से परेशान हैं निवासी

हरप्रीत कौर बबला और दविंदर सिंह बबला ने कहा कि बिना बिजली उत्पादन के सोलर चार्ज वसूलना निवासियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालने जैसा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासक के हस्तक्षेप से सेक्टर 27, 28 और 29 के लोगों को जल्द राहत मिलेगी और पहले वसूली गई राशि भी वापस मिल सकेगी।