तालाब किनारे धूप सेंकते दिखा मगरमच्छ, दहशत में आए ग्रामीणों ने बताया- एक नहीं तीन-तीन हैं; वन विभाग अलर्ट
मुजफ्फरनगर के भोकरहेड़ी में एक तालाब किनारे धूप सेंकते मगरमच्छों को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

तालाब किनारे धूप सेंकता मगरमच्छ। जागरण
HighLights
भोकरहेड़ी तालाब किनारे धूप सेंकते दिखे मगरमच्छ।
ग्रामीणों ने एक नहीं, तीन मगरमच्छ होने का दावा किया।
वन विभाग से सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। कस्बा भोकरहेड़ी में वजीराबाद की सीमा पर स्थित ठोकर वाले पीर बाबा की मजार के निकट बड़े तालाब के किनारे मंगलवार सुबह मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
मगरमच्छ को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने वन विभाग से मगरमच्छों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है।
यह है पूरी घटना
मंगलवार सुबह तालाब के किनारे धूप सेंक रहे मगरमच्छ पर खेत में जा रहे एक किसान की नजर पड़ी। इसके बाद आसपास के लोगों में हलचल मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
तालाब के निकट ताज ईंट भट्ठे के संचालक मोहम्मद शमशाद ने बताया कि तालाब में तीन मगरमच्छ मौजूद हैं। अक्सर मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में भय बना रहता है। उन्होंने वन विभाग से मगरमच्छों को पकड़कर किसी दूसरे स्थान पर छोड़ने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
वहीं, वन विभाग के क्षेत्राधिकारी रविकांत चौधरी ने बताया कि भोकरहेड़ी सेंचुरी क्षेत्र में आता है और मगरमच्छों का परिवार लंबे समय से तालाब में रह रहा है। विभाग की ओर से कई महीने पहले ही ग्रामीणों को जागरूक किया जा चुका है। वन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।