विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरनगर में रामपुर तिराहा और जानसठ फ्लाईओवर का होगा चौड़ीकरण, 93 करोड़ से सुधरेगी यातायात व्यवस्था

Published: Sun, 01 Nov 2026 05:25 PM (IST)

मुजफ्फरनगर में रामपुर तिराहा और जानसठ फ्लाईओवर के चौड़ीकरण के लिए 93 करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी गई है।

मुजफ्फरनगर के जानसठ रोड स्थित पुल। जागरण

मुजफ्फरनगर के जानसठ रोड स्थित पुल। जागरण

HighLights

  1. रामपुर तिराहा और जानसठ फ्लाईओवर का होगा चौड़ीकरण।

  2. परियोजना पर खर्च होंगे 93 करोड़ रुपये, डीपीआर भेजी।

  3. यातायात को सुगम बनाने, जाम से मिलेगी मुक्ति।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड और रामपुर तिराहा पर बने फ्लाईओवर का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके लिए 93 करोड़ रुपये की डिटेल्स प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराकर शासन में भेजी गई है। दोनों फ्लाईओवर का यातायात को सुगम बनाने के लिए चौड़ीकरण आवश्यक है। राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता एवं अधिशासी अभियंता के साथ दोनों निर्माण कार्य पर मंत्रणा की। डीपीआर स्वीकृत होने के बाद काम शुरू किया जा सकेगा।

प्रदेश में बसपा सरकार के कार्यकाल वर्ष 2012 में जानसठ रोड पर महावीर चौक से लेकर टिकैत चौक तक रेलवे लाइन के ऊपर फ्लाईओवर बनाया गया। मौजूदा समय में पुल संकरा पड़ गया है, जिस कारण यहां पर यातायात को सहूलियत के बजाए मुश्किल हो रही है।

नगरीय क्षेत्र में पुल महत्वपूर्ण

राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने इस ओवरब्रिज के चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग को डीपीआर बनाने के निर्देश दिए थे। इस पर पुल पर एक अतिरिक्त लेन के चौड़ीकरण तथा पुल के दोनों ओर उसकी लंबाई बढ़ेगी, जिससे यातायात को बेहतर और जाममुक्त बनाया जा सकेगा।

नगरीय क्षेत्र में यह पुल महत्वपूर्ण है। इसके एक ओर शहर बसा है, जबकि दूसरी तरफ नई मंडी क्षेत्र समेत जानसठ, मीरापुर, सिखेड़ा के अलावा बिजनौर तक आवागमन होता है। प्राइवेट के अलावा रोडवेज बसों का भी यहीं से आना-जाना है।

आसपास के यात्रियों को भी सुविधा 

वहीं, रामपुर तिराहा शहर का एक महत्वपूर्ण प्रवेश मार्ग है, जहां बढ़ते यातायात के कारण आवागमन का दबाव लगातार बढ़ रहा है। यह दिल्ली-देहरादून हाईवे समेत सहारनपुर स्टेट हाईवे, पानीपत-खटीमा राजमार्ग तक पहुंचने का मार्ग है। इसके चौड़ीकरण होने से दिल्ली-देहरादून मार्ग सहित आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

शनिवार को राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने मेरठ रोड पर निरीक्षण भवन में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार राणा के साथ दोनों पुलों की डिटेल्स प्रोजेक्ट रिपोर्ट को समझा। उसके बाद शासन को भिजवाया गया है।

दोनों पुलों के चौड़ीकरण पर 93 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके बाद राज्यमंत्री ने लखनऊ में पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव अजय चौहान से फोन पर वार्ता की है। दोनों पुलों के प्रोजेक्ट को शीघ्र पास कराने के साथ काम शुरू कराने का पक्ष रखा है।

शहर में जाम से मिलेगी मुक्ति

शहरवासियों के लिए दोनों ओवर ब्रिज बेहद महत्वपूर्ण हैं। महावीर चौक पर बना पुल संकरा है और फुटपाथ भी नहीं है। जिसके चलते यहां आए दिन जाम लगता है। खासकर विद्यालयों में छुट्टी के बाद जाम के हालात रहते हैं। लंबे समय से इस ओवरब्रिज के चौड़ीकरण की मांग की जा रही है। रामपुरा तिराहा पुल के चौड़ीकरण से शहर में प्रवेश के लिए यातायात व्यवस्था सुगम होगी।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में एक्टिव सिम कार्ड से थाईलैंड से हो रही थी ठगी, OTP भेजने वाले दो बदमाश गिरफ्तार; 53 लाख की ठगी का खुलासा

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर: एशियन पैरा गेम्स में मेडल जीतकर गांव लौटी प्रीति पाल, ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।