मुजफ्फरनगर: एशियन पैरा गेम्स में मेडल जीतकर गांव लौटी प्रीति पाल, ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत
मुजफ्फरनगर की पैरा एथलीट प्रीति पाल ने जापान में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।
-1793180020045_m.webp)
गांव हाशमपुर में पहुंची भारतीय पैरा एथलीट प्रीति पाल का स्वागत करते ग्रामीण
HighLights
प्रीति पाल ने एशियन पैरा गेम्स में दो रजत पदक जीते।
100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन किया।
गांव हाशमपुर में ढोल-नगाड़ों से भव्य स्वागत हुआ।
संवाद सूत्र, मुजफ्फरनगर। जापान के आईची नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में जनपद मुजफ्फरनगर के गांव हाशमपुर की बेटी और भारतीय पैरा एथलीट प्रीति पाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर देश और गांव का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। दो पदक जीतने के बाद 27 अक्टूबर को अपने घर पहुंचने पर प्रीति पाल का ग्रामीणों और परिजनों ने फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया।
प्रीति पाल के पिता अनिल पाल ने बताया कि जापान में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 के समापन के बाद प्रीति 26 अक्टूबर की देर रात भारत वापस पहुंचीं। इसके बाद 27 अक्टूबर को मेरठ, मुजफ्फरनगर, जानसठ और मीरापुर होते हुए अपने पैतृक गांव हाशमपुर पहुंचीं। गांव पहुंचते ही ग्रामीणों और परिजनों ने ढोल नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।
ग्रामीणों ने फूल मालाएं पहनाकर उन्हें बधाई दी और मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। प्रीति के पिता अनिल पाल ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि प्रीति की मेहनत लगन और दृढ़ संकल्प ने परिवार के साथ पूरे क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रीति भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए और पदक हासिल करेंगी। प्रतियोगिता में प्रीति ने महिलाओं की टी 35 श्रेणी की 100 मीटर और 200 मीटर स्प्रिंट स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उनकी सफलता के पीछे कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को अहम माना जा रहा है। प्रीति इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ा चुकी हैं।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर के हर्ष और अनंत का तीरंदाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, गोल्ड जीतकर नाम किया रोशन
