मुजफ्फरनगर के हर्ष और अनंत का तीरंदाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, गोल्ड जीतकर नाम किया रोशन
मुजफ्फरनगर के शाहपुर क्षेत्र के हेड कांस्टेबल हर्ष बालियान और अंनत सैनी ने अखिल भारतीय पुलिस गेम्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। क्षेत्र के दो खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर तीरंदाजी में शानदार प्रदर्शन किया।
उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से ऑल इंडिया पुलिस गेम्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेते हुए शाहपुर के सोरम गांव निवासी और रघुवंशी आर्चरी एकेडमी के खिलाड़ी हेड कांस्टेबल हर्ष बालियान तथा शाहपुर कस्बे के रामनगर निवासी हेड कांस्टेबल अंनत सैनी ने स्वर्ण पदक जीते।
झारखंड के रांची स्थित खेलगांव स्टेडियम में 22 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक आयोजित चैंपियनशिप में हर्ष ने व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत और टीम के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। अंनत ने कंपाउंड स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। दोनों की उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। तीरंदाजी संघ के जिलाध्यक्ष और रघुवंशी आर्चरी एकेडमी के संचालक विपिन बालियान ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
कबड्डी खिलाड़ियों को किट वितरित
शाहपुर: रसुलपुर जाटान गांव के कबड्डी मैदान में खेलने वाली महिला खिलाड़ियों को सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक नरेश पाल ने किट वितरित की। इस दौरान कबड्डी कोच एवं संचालक सुनील बालियान और महीपाल सैनी मौजूद रहे।
