UP News: मुजफ्फरनगर में कुत्ते कर रहे जख्मी...हुक्मरानों को दर्द की परवाह नहीं
मुजफ्फरनगर के ब्रहमपुरी कॉलोनी में आवारा कुत्तों का आतंक जारी है जिससे निवासी दहशत में हैं। कुत्तों ने गुरुवार को एक वृद्ध समेत तीन लोगों को घायल कर दिया जिससे लोगों में गुस्सा है। स्थानीय लोगों ने सभासद के सामने विरोध जताया और समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। पालिका अधिकारी कुत्तों को पकड़ने के लिए प्राइवेट संस्था की मदद ले रहे हैं।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। शहर में आवारा आतंक खुला घूम रहा है, जबकि नियम-शिकंजा फाइलों में बंद पड़ा है। तीन दिन से आवारा कुत्ते ब्रहमपुरी कालोनी में कहर बरपा रहे हैं। पालिका अधिकारियों को जख्मी लोगों के दर्द की परवाह नहीं है।
गुरुवार को वृद्ध समेत तीन लोगों पर हमला किया और काटकर घायल कर दिया। इससे कालोनी में भय बन गया। पीड़ित लोगों ने एकत्र होकर पालिका के विरुद्ध आक्रोश प्रकट किया। सभासद के समक्ष विरोध जताते हुए समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। वहीं, पालिका अधिकारियों ने कुत्तों को पकड़ने के लिए प्राइवेट संस्था का सहारा लिया है।
घूम रहा कुत्तों का झुंड, दौड़कर करता है हमला
सभासद देवेश कौशिक ने बताया कि गलियों में अावारा कुत्तों का झुंड घूम रहा है।, जो गलियों में आने-जाने वाले लोगों पर हमला कर रहे हैं। बुधवार को स्कूली बच्चों पर झपट्टे के साथ महिला को काटकर घायल किया था। कुल नौ लोगों को कुत्तों ने जख्मी किया था।
गुरुवार प्रात: इसी कालोनी में एक वृद्ध समेत तीन लोगों पर हमला कर दिया। जिसके चलते वृद्ध और दोनों लोग घायल हो गए। इससे कालोनी में हंगामा खड़ा हो गया। युवाओं ने लाठी-डंडे लेकर कुत्तों को दौड़ा लिया और कालोनी से बाहर किया। लोगों ने सभासद देवेश कौशिक के समक्ष विरोध प्रकट किया। बताया कि तीन दिन से कालोनी के लोग भयभीत है। छोटे-छोटे बच्चों, महिलाओं और वृद्धों पर कुत्ते हमलावर हो रहे हैं।
पालिका ने लिया प्राइवेट संस्था का सहारा
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अजय प्रताप शाही ने बताया कि ब्रहमपुरी समेत शहभर में आवारा कुत्तों की शिकायत निरंतर मिल रही है। इसकी जांच कराई गई है। शहर की शिव पशु सेवा समिति संस्था के सहयोग से कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई आरंभ कराई गई है।
कुत्तों ने बुधवार को संस्था का जाल तक फाड़ दिया। अब मेरठ शहर से नया जाल मंगवाकर दिया गया है। कुत्तों का पकड़कर उनका वैक्सीनेशन कराया जा रहा है। बधियाकरण के लिए अभी संसाधन और स्थान नहीं है। जिसके चलते कार्रवाई आगे नहीं बढ़ रही है।
पालिका की मौजूद स्थिति
- 05 पांच जाल बनवाए
- 10 कर्मियों की टीम बनाई
यह है आवश्यकता
- 02 कम से कम डाग कैचर चाहिए
- 01 एक विशेषज्ञ की टीम होना जरूरी
- 55 वार्ड में कुत्तों का होगा सर्वे
- 20 लाख की दो डाग कैचर गाड़ी
आवारा आतंक के आंकड़े
- 50 हजार को किया वर्ष 2024 में जख्मी
- 43 हजार का हो चुका अब तक उपचार
- 800 रुपये में प्राइवेट स्तर पर एक इंजेक्शन
- 10 हजार से अधिक अनुमानित आवारा कुत्ते
वर्ष 2024 में कुत्तों के हमले में घायल लोग
- माह - घायल
- जनवरी - 3412
- फरवरी - 3597
- मार्च - 3911
- अप्रैल - 3178
- मई - 3258
- जून - 2991
- जुलाई - 2772
- अगस्त - 3072
- सितंबर - 2753
- अक्टूबर - 3953
- नवंबर - 2067
- दिसंबर - 2270
(नोट: आंकड़े जिला चिकित्सालय में वर्ष 2024 के हैं)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।