विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली का नया अंदाज: संगीत की धुन पर थिरकेंगी घरों की लाइटें, मुजफ्फरनगर में स्मार्ट-क्रिस्टल लाइटों का जलवा

Published: Wed, 04 Nov 2026 10:42 PM (IST)

मुजफ्फरनगर के बाजारों में दीपावली के लिए आधुनिक और पारंपरिक लाइटों का संगम दिख रहा है। संगीत पर रंग बदलने ...और पढ़ें

मुजफ्फरनगर में दीपावली उत्सप पर सजी दुकान से इलेक्ट्रानिक लाइटें पसंद करते लोग। जागरण

मुजफ्फरनगर में दीपावली उत्सप पर सजी दुकान से इलेक्ट्रानिक लाइटें पसंद करते लोग। जागरण

HighLights

  1. संगीत की धुन पर रंग बदलती स्मार्ट लाइटें उपलब्ध।

  2. क्रिस्टल बल्ब और मोदक झालरें बनी ग्राहकों की पसंद।

  3. पूजा घर से मुख्य द्वार तक सजावट के नए विकल्प।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजार रोशनी से जगमगाने लगे हैं। इस बार घरों को सजाने के लिए केवल पारंपरिक झालर और रंग-बिरंगी लाइटें ही नहीं, बल्कि तकनीक और आकर्षक डिजाइन से तैयार लाइटिंग भी लोगों को लुभा रही है।

क्रिस्टल बल्ब, मोदक झालर, दीया आकार की एलईडी और संगीत के साथ रंग बदलने वाली स्मार्ट लाइटें बाजार में विशेष आकर्षण बनी हुई हैं। खास बात यह है कि इस बार पारंपरिक सजावट के साथ आधुनिक तकनीक का भी खूब मेल देखने को मिल रहा है।

लाइटें खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़

शहर के पालिका बाजार, भगत सिंह रोड और नई मंडी स्थित इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों पर सजावटी लाइटें खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ पहुंच रही है। दुकानों पर 25 रुपये से लेकर 2500 रुपये तक की अलग-अलग डिजाइन और कीमतों वाली लाइटें उपलब्ध हैं। इस बार क्रिस्टल लाइट बल्ब और झूमर लोगों को खासा आकर्षित कर रहे हैं।

यूएसबी और सामान्य प्लग से चलने वाले क्रिस्टल बल्ब के साथ रेट्रो बल्ब झालर भी बाजार में उपलब्ध हैं। इनमें बल्ब के अंदर ही आकर्षक डिजाइन बनी होती है। 25 मीटर तक लंबी क्रिस्टल झालरें भी ग्राहकों को पसंद आ रही हैं। रायल ब्लू और आफ व्हाइट रंग की झालरों की अलग पहचान बनी हुई है।

पालिका बाजार में इलेक्ट्रानिक्स दुकान के संचालक चंदन मलिक ने बताया कि पारंपरिक सजावट पसंद करने वालों के लिए मोदक और दीया आकार की एलईडी लाइटें बाजार में उपलब्ध हैं। दस रंगीन मोदकों वाली झालर के साथ ग्लिटर से सजी एलईडी मोमबत्तियां भी लोगों को पसंद आ रही हैं। दिल और गोल आकार के नाइट बल्ब भी सजावट में चार चांद लगा रहे हैं।

मोबाइल और म्यूजिक से नियंत्रित होंगी लाइटें

आधुनिक सजावट के शौकीनों के लिए स्मार्ट एलईडी और आरजीबी बल्ब भी बाजार में हैं। इनकी खासियत है कि कुछ लाइटें संगीत की धुन के अनुसार रंग बदलती हैं, जबकि कुछ में टाइमर की सुविधा मिलती है। इसके अलावा पर्दे जैसी दिखने वाली कर्टेन लाइट, फाइबर आप्टिक और वाटरप्रूफ पिक्सल लाइटें भी उपलब्ध हैं। लेजर लाइट से घर की दीवारों और छत को आकर्षक बनाया जा सकता है।

पूजा घर से लेकर मुख्य द्वार तक लाइटें बन रहीं आकर्षण

मंदिरों की सजावट के लिए रोटेटिंग क्रिस्टल चक्र और मूविंग दीये भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। नई मंडी स्थित इलेक्ट्रानिक्स दुकान के संचालक अंकुश के अनुसार इनकी कीमत करीब 100 से 1200 रुपये तक है।

वहीं, गणेश जी की आकृति वाले एक्रिलिक बोर्ड, शुभ दीपावली लिखे नियोन साइन और हाथ से तैयार बांस के कंदील भी बाजार में बिक रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार इस बार ग्राहक सामान्य झालरों के साथ कुछ अलग और आकर्षक डिजाइन वाली लाइटें खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- दीपावली और छठ पर वाराणसी से चलेंगी 185 अतिरिक्त बसें, लखनऊ-कानपुर समेत इन रूटों पर मिलेगी राहत

यह भी पढ़ें- दीपावली पर उत्तर प्रदेश के हर संवेदनशील इलाकों में तैनात रहेगी यूपी-112, डीजी ने दिए सख्त निर्देश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।