विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली पर उत्तर प्रदेश के हर संवेदनशील इलाकों में तैनात रहेगी यूपी-112, डीजी ने दिए सख्त निर्देश

Published: Wed, 04 Nov 2026 09:05 PM (IST)

दीपावली पर यूपी-112 उत्तर प्रदेश के संवेदनशील इलाकों में अपनी सक्रियता बढ़ाएगा ताकि आपातकालीन सहायता में देरी न हो।

News Article Hero Image

HighLights

  1. दीपावली पर यूपी-112 संवेदनशील इलाकों में अपनी सक्रियता बढ़ाएगा।

  2. आपातकालीन सहायता हेतु सभी पीआरवी की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

  3. डीजी ने संशोधित एसओपी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। दीपावली पर उत्तर प्रदेश में आपातकालीन पुलिस सहायता व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए यूपी-112 संवेदनशील इलाकों में अपनी सक्रियता बढ़ाएगा। पूर्व में हुई घटनाओं और आपातकालीन सूचनाओं के विश्लेषण के आधार पर थाना क्षेत्रवार हाटस्पाट चिह्नित किए जाएंगे। इन स्थानों और संवेदनशील मार्गों पर पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। सभी जिलों को संशोधित रूट चार्ट गुुरुवार तक यूपी-112 मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस महानिदेशक यूपी-112 बिनोद कुमार सिंह ने बुधवार को मुख्यालय से प्रदेश के सभी जिलों के नोडल अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर दीपावली की तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता पहुंचने में देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी पीआरवी वाहनों की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जनशक्ति की कमी अथवा तकनीकी खराबी के कारण कोई भी वाहन गैर-संचालित स्थिति में नहीं रहना चाहिए।

व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी जोर

बैठक में पीआरवी की निगरानी और संचार व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। आरओआइपी पर तैनात पुलिसकर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ इवेंट मानिटरिंग की नियमित समीक्षा करने को कहा गया। पीआरवी कर्मियों की नियमित ब्रीफिंग और चेकिंग के निर्देश भी दिए गए, ताकि त्योहार के दौरान उनकी त्वरित प्रतिक्रिया और कार्यप्रणाली में किसी प्रकार की कमी न रहे।

एसओपी का कड़ाई से अनुपालन हो

डीजी यूपी-112 ने 16 अक्टूबर को जारी संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से अनुपालन कराने को कहा। साथ ही सभी जिलों के नोडल अधिकारियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का भरोसा भी दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि दीपावली के दौरान प्रदेशवासियों को निर्बाध और त्वरित आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

यह भी पढ़ें- दीपावली से पहले बंटेगा कार्ड धारकों को मुफ्त राशन, कासगंज में 30 तक होगा वितरण

यह भी पढ़ें- दीपावली ऑफर के चक्कर में खाली हो सकता है बैंक खाता! मुरादाबाद में अब तक 73 करोड़ की ठगी के बाद अलर्ट जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।