डाॅक्टर से अपॉइंटमेंट दिलाने के नाम पर 1.1 लाख की ठगी; OTP साझा नहीं किया, लेकिन 19 बार निकाले गए रुपये
मुजफ्फरनगर के नवीन कुमार जैन 1 लाख 11 हजार रुपये की साइबर ठगी का शिकार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
नवीन कुमार जैन 1.1 लाख रुपये की ठगी का शिकार।
डॉक्टर अपॉइंटमेंट के नाम पर APK फाइल भेजकर ठगा।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने साइबर ठगी का मामला दर्ज किया।
संवाद सहयोगी, मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली के मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी नवीन कुमार जैन के साथ 1 लाख 11 हजार 402 रुपये की साइबर ठगी हो गई। उन्हें एपीके फाइल भेज कर बैंक खाते से 19 बार में रुपये निकाले गए। उन्होंने कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कराया हैं।
उन्होंने नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया कि 9 अक्टूबर की सुबह उपचार कराने के मददेनजर उन्होंने गूगल से टाउन हाल पर स्थित डा. हृदयेश कुमार के अस्पताल का नंबर खोजा। एक नंबर मिला लेकिन उस पर बात नहीं हो सकी। इसके बाद एक मोबाइल नंबर से फोन आया।
फोन करने वाले ने अपना नाम कुंतल दत्ता बताया और खुद को डा. हृदयेश कुमार के अस्पताल से जुड़ा होना बताया। उसने समय बुक करने के लिए एक लिंक पर क्लिक कर 5 रुपये जमा करने को कहा। व्हाटसएप पर लिंक में एपीके फाइल भेजी। यूपीआई से 5 रुपये भेजने की कोशिश नाकाम रही। इसके बाद आई कई काॅल उन्होंने नहीं उठाई और फाइल का मोबाइल से हटा दिया।
मुकदमे में बताया कि 16 अक्टूबर को सुबह करीब 9:30 बजे उनके गोल मार्केट स्थित पीएनबी के बचत खाते से 1 रुपये के तीन अलग-अलग अनधिकृत लेनदेन हुए। उसी दिन एक अन्य लेनदेन से 29,999.99 रुपये निकाले गए। 17 अक्टूबर को सुबह 9:35 से 9:43 बजे के बीच 19 अनधिकृत लेनदेन के जरिए करीब 81,399.98 रुपये निकाले गए।
यह भी पढ़ें- दसवीं पास ठग ने अमेरिका के कारोबारी से की ठगी, मेरठ का शातिर गिरफ्तार
उनके खाते से कुल रकम 1,11,402.64 रुपये निकाले गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने किसी के साथ सुरक्षा कोड,पिन या ओटीपी साझा नहीं किया। ठगी का पता चलने पर खाता फ्रीज कराया गया। पीड़ित के मुताबिक, बैंक ने रुपये निकालने के सभी संदेश नही भेजे। नगर कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा ने बताया कि कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- 2016 बैच के IAS सुनील कुमार सिंह मुजफ्फरनगर के नए जिलाधिकारी, उमेश मिश्रा बनाए गए विशेष सचिव
यह बरते सावधानी-
- गूगल से किसी का भी नंबर न लें।
- किसी ने ओटीपी, पिन कोड या अन्य जानकारी साझा न करें।
- आनलाइन व्यापार में मोटे मुनाफा कमाने के लालच में न आएं।
- व्हाटसएप पर आने वाली काल काे न सुने।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।