विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दसवीं पास ठग ने अमेरिका के कारोबारी से की ठगी, मेरठ का शातिर गिरफ्तार

By Rashid Ali Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 16 Nov 2026 04:41 PM (IST)

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर की साइबर पुलिस ने मेरठ निवासी कुंवरपाल को फर्जी बिल बनाकर अमेरिका निवासी कारोबारी से ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

मुजफ्फरनगर साइबर थाना पुलिस द्वारा पकड़ा गया धोखाधड़ी का आरोपित। सौ. पुलिस

मुजफ्फरनगर साइबर थाना पुलिस द्वारा पकड़ा गया धोखाधड़ी का आरोपित। सौ. पुलिस

HighLights

  1. मेरठ के कुंवरपाल ने फर्जी बिल बनाकर ठगी की।

  2. पुलिस ने 2 मोबाइल, 3 सिम और फर्जी बिल बरामद किए।

संवाद सहयोगी, मुजफ्फरनगर। पंजीकृत फर्मों के नाम और जीएसटी का दुरुपयोग कर फर्जी बिल बना कर माल बेचकर व्यापारियों से धोखाधड़ी करने वाले मेरठ के जागृति विहार निवासी कुंवरपाल को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया हैं। उसने अमेरिका निवासी पीड़ित से ठगी की थी। आरोपित हाईस्कूल पास है। 

पुलिस ने उससे 2 मोबाइल , 3 सिमकार्ड और करीब 8 लाख रुपये के फर्जी बिल बरामद किए हैं। धोखाधड़ी में उसने करीब 30 सिमकार्ड और विभिन्न फर्मों के नाम पर 10 जीमेल आईडी का इस्तेमाल किया।

एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने प्रेसवार्ता में बताया कि थाना साइबर क्राइम की जीमेल पर अमेरिका में रहने वाले व आंध्र प्रदेश के मूल निवासी डा. थारुन रेड्डी ने शिकायत की थी। उनका कंडुकुरी पीएचडी कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय पुलिवेदुला वाईएफआर कहप्पा आंध्र प्रदेश में कारोबार है।

लिखा था कि मुजफ्फरनगर में पंजीकृत केके एंटरप्राइजेज के नाम पर योनेक्स मविश-350 शटल काॅक की आपूर्ति के लिए उनसे 22,400 रुपये की धोखाधड़ी की गई। असली के नाम पर नकली माल भेजा गया।

जांच की गई तो फर्म के मालिक रमेश पाल ने बताया कि उनका काम सोलर पैनल का हैं। वह शटल काॅक नहीं बेचते। उनकी फर्म की जीएसटी का प्रयोग कर फर्जी बिल बनाए जा रहे हैं। उन्होंने शिकायत भी की है।

साइबर थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह की टीम को जांच में पता चला कि केके एंटरप्राइजेज नाम की फर्म के नाम व जीएसटी का दुरुपयोग कर मोबाइल एप एक्सपोर्ट इंडिया व व्यापार एप के जरिये फर्जी बिल बनाए जा रहे थे। यह कार्य मेरठ निवासी कुंवरपाल कर रहा था। साक्ष्य जुटाकर कुंवरपाल निवासी गांव लुहारली, दादरी, गौतमबुद्धनगर को जागृति विहार मेरठ से गिरफ्तार किया गया। वह वर्तमान में जागृति विहार में रहता था।

ऐसे करता था ठगी

वह गूगल पर विभिन्न फर्मों की जानकारी कर उनके नाम और जीएसटी का डाटा जुटाता था। फिर मोबाइल एप से फर्जी बिल बनाता था। वह फर्जी जीमेल आईडी और अपने मोबाइल नंबरों के जरिए खरीदारों व व्यापारियों से संपर्क करता था। वास्तविक उत्पादों के सैंपल की तस्वीरें भेजकर भरोसा जीतता था।

पत्नी मुनेश देवी के खाते में भुगतान लेकर नकली माल भेजता था या माल भेजा ही नहीं था। शिकायत मिलने पर वह पीड़ितों के नंबर ब्लॉक या नंबर बदल लेता था। धोखाधड़ी के लिए अब तक उसने करीब 30 सिमकार्ड और विभिन्न फर्मों के नाम पर 10 जीमेल आईडी का इस्तेमाल किया।

उसने लगभग आधा दर्जन बार पता बदलकर नए पते पर बैंक खाते खुलवाए और लेनदेन किया। एक वर्ष में उसने अपने नाम पर करीब 20 मोबाइल नंबर जारी कराए। शिकायत होने पर वह नंबर बंद कराकर नया नंबर ले लेता था। उससे 2 मोबाइल, 3 सिमकार्ड, करीब 8 लाख रुपये के फर्जी बिल बरामद हुए। एसपी क्राइम ने बताया कि आरोपित हाईस्कूल पास है। उसे कोर्ट ने जेल भेज दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।