विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरनगर में 16 करोड़ की ठगी का राजफाश, दो प्रतिशत लाभ कमाने के लालच में फंसा कुलदीप गिरफ्तार

Published: Sun, 29 Nov 2026 12:13 PM (GMT+05:30)

मुजफ्फरनगर में 16 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है, जिसमें कुलदीप नामक व्यक्ति को 2% कमीशन के लालच में अपने खातों का दुरुपयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

साइबर थाना पुलिस ने पकड़ा ठग गिरोह का सदस्य। सौजन्य: पुलिस

साइबर थाना पुलिस ने पकड़ा ठग गिरोह का सदस्य। सौजन्य: पुलिस

HighLights

  1. मुजफ्फरनगर में 16 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा।

  2. कुलदीप 2% कमीशन के लालच में खातों का दुरुपयोग करता था।

  3. बीमा लाभ दिलाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी की गई।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। नर्सिंग का कोर्स करने वाले खतौली निवासी कुलदीप को सरकारी नौकरी नहीं मिली तो उसने श्री श्याम कान्ट्रेक्टर के नाम से फर्म बना ली। अपने साथी की मदद से खातों में साइबर ठगी की रकम मंगानी शुरू कर दी।

दो प्रतिशत लाभ कमाने के लालच में आज वह जेल की सलाखों के पीछे चला गया। उसके पांच खातों में तीन करोड़ 99 लाख 4 हजार 829 रुपये जमा हुए। पुलिस को अभी उसके एक खाते की जांच करने पर 25 लाख 64 हजार रुपये की ठगी की रकम आने का मामला सामने आया। उसके पांच खातों पर 16 करोड़ 76 लाख 18 हजार 200 रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। वह साइबर ठगों को अपना खाता उपलब्ध कराता था।

साइबर थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रतिबिम्ब पोर्टल पर जांच में पाया गया कि कुछ लोगों से मैक्स लाइफ इंश्योरेंस एवं भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के अंतर्गत के काम करने वाली भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) के अधिकारी बनकर बीमा लाभ दिलाने का झांसा देकर ठगी की जा रही है।

ठगी में प्रयोग किया जा रहा एक खाता खतौली के शिवपुरी निवासी कुलदीप का है। उस पर मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड की चार शिकायत दर्ज है। जांच में पाया गया कि आरोपित के पांच खाते हैं। एक खाते में 25 लाख 64 हजार रुपये की ठगी की रकम आने का मामला सामने आया। जांच के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। उसके चार अन्य खातों मेरठ की एसबीआई के अलावा पीएनबी, एचडीएफसी व शिवालिक बैंक की जांच की जा रही है। उसका मोबाइल कब्जे में लिया है।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह पूर्व में श्री श्याम क्रेन सर्विस के नाम से क्रेन सर्विस का कार्य करता था, जिसके लिए श्री श्याम कान्ट्रेक्टर के नाम से फर्म बनाकर खतौली स्थित एचडीएफसी बैंक में खाता खुलवाया था।

काम बंद होने के बाद उसके साथी आशीष ने उसे अपने परिचितों का बिजनेस का पैसा उसके खाते में मंगवाने के बदले दो प्रतिशत कमीशन देने का लालच दिया, जिस पर उस सहमति दे दी। इसके बाद आशीष ने उसके बैंक खाता में कई बार रकम ट्रांसफर करवाई। उसे अपने साथ बैंक ले जाकर यह रकम निकलवा ली।

इस दौरान आशीष के साथ साहिल उर्फ नितिन निवासी गाजियाबाद भी आता था। आशीष बैंक खाते से निकाली रकम में से उसे दो प्रतिशत कमीशन देने के बाद बाकी रकम साहिल उर्फ नितिन को दे देता था। साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में हिस्ट्रीशीटर पिता और सौतेली मां ने बेटी को गंगनहर में फेंका, दोनों आरोपी गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- पीएम सूर्य घर योजना से बिजली बिल हुआ जीरो, मुजफ्फरनगर जिले में 12 हजार से अधिक लाभार्थियों ने लिया लाभ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।