मुजफ्फरनगर में हिस्ट्रीशीटर पिता और सौतेली मां ने बेटी को गंगनहर में फेंका, दोनों आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर में एक हिस्ट्रीशीटर पिता और सौतेली मां ने अपनी 15 वर्षीय बेटी हीबा को गला घोंटकर मारने का प्रयास किया और फिर गंगनहर में फेंक दिया।

भोपा थाने पर पुलिस गिरफ्त में आरोपित मां व पिता
HighLights
पिता और सौतेली मां ने बेटी को नहर में फेंका।
गला घोंटकर मारने का प्रयास, फिर नहर में धक्का दिया।
राहगीरों और पुलिस ने किशोरी को सुरक्षित बचाया।
संवाद सूत्र, मुजफ्फरनगर। हिस्ट्रीशीटर फैसल ने दूसरी पत्नी साया हसीन की मदद से 15 वर्षीय बेटी हीबा को जान से मारने का प्रयास किया। पहले उसका गला दबाया और जब वह मर नहीं सकी तो उसे जौली-अकबर रोड के पास गंगनहर में फेंक दिया। वह नहर किनारे पेड़ की डाल में अटक गई। शोर मचाने पर राहगीरों व पुलिस ने उसे बचा लिया।
पीड़िता के चाचा समीर उर्फ अबू सहमा ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दंपती का कहना है कि उनकी बेटी उनके कहने-सुनने में नहीं थी।
भोपा के गांव रुड़कली तालाब अली निवासी समीर उर्फ अबू सहमा ने भोपा थाने में मुकदमा दर्ज कराया कि उसके भाई फैसल की पहली पत्नी से 15 वर्षीय बेटी हीबा है। आरोप है कि फैसल और उसकी दूसरी पत्नी साया हसीन आए दिन हीबा के साथ मारपीट करते थे। कुछ दिनों से हीबा घर पर दिखाई नहीं दे रही थी।
पूछने पर फैसल और उसकी पत्नी ने बताया कि उन्होंने हीबा की शादी कर दी है। उनके जवाब से समीर को संदेह हुआ। समीर के अनुसार, शुक्रवार को उसे जानकारी मिली कि फैसल और उसकी पत्नी हीबा को लेकर नंगला बुजुर्ग से आ रहे हैं। वह स्वजन के साथ उनकी तलाश में गंगनहर की पटरी पर पहुंचा।
जौली-अकबर रोड के पास दूसरी ओर से एक लड़की के मदद के लिए चीखने की आवाज सुनाई दी। दूसरी पटरी पर पहुंचे तो पुलिस और स्थानीय लोग किशोरी को नहर से बाहर निकालने में जुटे थे। लड़की को बाहर निकाला तो उन्होंने देखा कि वह उनकी भतीजी हीबा थी।
हीबा ने बताया कि उसके पिता और सौतेली मां ने पहले उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर मारने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों ने उसे जान से मारने की नीयत से गंगनहर में धक्का दे दिया और मौके से भाग गए। वह किसी तरह तैरकर किनारे पहुंची और पेड़ की टूटी शाखा पकड़ कर मदद के लिए चिल्लाने लगी थी।
भोपा सीओ राधा रमन सिंह ने बताया कि पुलिस ने समीर उर्फ अबू सहमा की तहरीर पर हत्या का प्रयास व किशोर न्याय अधिनियम के तहत आरोपित पिता फैसल और उसकी पत्नी साया हसीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया। पीड़िता को वन स्टाप सेंटर में रखा गया है। सोमवार को उसके बयान दर्ज कराकर सिपुर्दगी की कार्रवाई की जाएगी। दंपती ने बताया कि उनकी बेटी उनके कहने-सुनने में नहीं थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।